इटानगर, 25 मई (भाषा) अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने सोमवार को निष्पक्ष, पारदर्शी और योग्यता आधारित भर्ती प्रणाली के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने जोर देकर कहा कि ईमानदारी और पारदर्शिता वर्तमान सरकार के ‘अटल सिद्धांत’ बने हुए हैं।
अरुणाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग (एपीपीएससी) द्वारा आयोजित ‘जूनियर इंजीनियर संयुक्त भर्ती परीक्षा’ (जेईसीआरई) 2025 के 404 सफल उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र वितरण के अवसर पर खांडू ने कहा कि ये चयन पूरी तरह से योग्यता के आधार पर एक पारदर्शी और समयबद्ध प्रक्रिया के माध्यम से किए गए हैं।
नवनियुक्त कनिष्ठ अभियंताओं और उनके परिवारों को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सफलता कठिन परिश्रम, समर्पण और दृढ़ता का परिणाम है।
भर्ती प्रक्रिया के पैमाने पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने जानकारी दी कि इस परीक्षा में 9,023 उम्मीदवार शामिल हुए थे, जिनमें से 1,236 ने साक्षात्कार के लिए अर्हता प्राप्त की और अंततः 404 उम्मीदवारों का चयन किया गया।
खांडू ने 2020 में सामने आई अनियमितताओं के बाद शुरू किए गए सुधारों के माध्यम से भर्ती प्रणाली में विश्वसनीयता और अखंडता बहाल करने के लिए एपीएससी की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘आज आयोग एक मजबूत और विश्वसनीय संस्थान के रूप में उभरा है, जो ग्रुप ए और ग्रुप बी सेवाओं के लिए सफलतापूर्वक पारदर्शी भर्ती आयोजित कर रहा है।’
नवनियुक्त कनिष्ठ अभियंताओं की भर्ती लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), ग्रामीण कार्य विभाग (आरडब्ल्यूडी), शहरी विकास, पीएचई, जल विद्युत विकास और बिजली विभाग में की गई है।
इस कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री चौना मीन, मंत्री, विधायक, मुख्य सचिव और वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।
भाषा सुमित नरेश
नरेश