अलप्पुझा (केरल), एक अक्टूबर (भाषा) केरल के अलप्पुझा जिले में अपने पड़ोसी की 18 वर्षीय बेटी को आग लगाने के प्रयास के आरोप में 57 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
उसने बताया कि आरोपी जोस कुछ साल पहले इसी किशोरी के पिता पर कुछ साल पहले चाकू से हमला करने के मामले में जमानत पर बाहर आया था।
पुलिस के मुताबिक मंगलवार दोपहर जब यह किशोरी अपने घर में अकेली थी, तब जोस पेट्रोल का एक कनस्तर एवं लाइटर लेकर उसके घर में घुस गया और चिल्लाने लगा कि वह उसे जलाकर मार डालेगा।
पुलिस का कहना है कि जोस ने किशोरी पर पेट्रोल डाल दिया, लेकिन इससे पहले कि वह उसे आग लगा पाता, लड़की ने उसके हाथ पर मुक्का दे मारा जिससे लाइटर नीचे गिर गया और वह भाग गया।
अलप्पुझा दक्षिण थाने के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘उसने (किशोरी ने) अपनी मां को इसकी जानकारी दी, जिन्होंने पुलिस को बुलाया। आरोपी को उसी दिन रात में गिरफ्तार कर लिया गया।’’
पुलिस ने बताया कि जोस पर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 296(बी) (अश्लील कृत्य और गाने), 329(3) (आपराधिक अतिक्रमण और घर में जबरन घुसना) और 109(1) (हत्या का प्रयास) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
एक टीवी चैनल से बात करते हुए, किशोरी और उसकी मां ने कहा कि आरोपी लगातार उपद्रव करता था और जब से वह जमानत पर बाहर आया है, तब से उनके परिवार के सदस्यों को जान से मारने की बार-बार धमकियां दे रहा था।
भाषा
राजकुमार वैभव
वैभव