पणजी, 21 सितंबर (भाषा) केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने इंदौर में राहुल गांधी के एक हालिया कार्यक्रम में ‘मिमिक्री’ किये जाने को लेकर सोमवार को कांग्रेस सांसद की आलोचना की और आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दिवंगत मां से संबंधित टिप्पणी भारतीय संस्कृति का अपमान है।
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने भी इस मुद्दे को लेकर राहुल पर निशाना साधते हुए कहा कि राजनीतिक विरोध माता-पिता या बुजुर्गों पर निजी हमलों में तब्दील नहीं होना चाहिए।
यह विवाद शनिवार को मध्यप्रदेश के इंदौर में राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के दौरान पैदा हुआ। कार्यक्रम में स्टैंड-अप कॉमेडियन पुलकित मणि ने एक प्रस्तुति के दौरान प्रधानमंत्री मोदी की ‘मिमिक्री’ की थी। कांग्रेस ने इस कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया था। पार्टी ने इसे व्यंग्य और ‘मिमिक्री’ बताते हुए इसका बचाव किया है।
मेघवाल ने दक्षिण गोवा में संवाददाताओं से कहा कि भारतीय संस्कृति लोगों को माताओं और बुजुर्गों का सम्मान करना सिखाती है।
उन्होंने कहा, ‘‘भारतीय संस्कृति हमें क्या सिखाती है? माताओं का सम्मान करना। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मां अब इस दुनिया में नहीं हैं। राहुल गांधी ने ‘छात्रों की गूंज’ के जरिए झूठ बोलकर भारतीय संस्कृति का अपमान किया।’’
सावंत ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में इस प्रस्तुति को ‘‘शर्मनाक और बेहद चिंताजनक’’ बताया।
उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और कांग्रेस ने राजनीतिक मर्यादा की सभी सीमाएं पार कर दी हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘राजनीतिक विरोध लोकतंत्र का एक जरूरी हिस्सा है लेकिन यह किसी के माता-पिता या बुजुर्गों पर निजी हमले में तब्दील नहीं होना चाहिए।’’
सावंत ने कहा, ‘‘नीतियों को चुनौती दें, फैसलों पर सवाल उठाएं और जोरदार बहस करें लेकिन अपने बुजुर्गों और माता-पिता का सम्मान करें।’’
इससे पहले, भाजपा ने रविवार को कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उसे ‘‘सर्कस’’ बताया था और राहुल गांधी को ‘‘असंस्कारी नाराज फूफा’’ कहा था।
भाषा राखी सुभाष
सुभाष