नयी दिल्ली, दो जुलाई (भाषा) विदेश राज्य मंत्री पवित्र मार्गेरिटा और बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन शुक्रवार को ईरान जाएंगे और वे ईरान के सर्वोच्च नेता दिवंगत अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। विदेश मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को इसकी घोषणा की।
मंत्रालय ने कहा कि खामेनेई के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए हसनैन और मार्गेरिटा तीन जुलाई को ईरान का दौरा करेंगे।
मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘समारोह में उच्च-स्तरीय प्रतिनिधित्व दोनों देशों के बीच सभ्यतागत संबंधों के महत्व को रेखांकित करता है, और राजनीतिक व आर्थिक संबंधों के लिए एक मजबूत आधार प्रदान करता है।’’
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया था।
खामेनेई के अंतिम संस्कार से जुड़ीं रस्में पांच से नौ जुलाई तक होंगी। खामेनेई तीन दशकों तक ईरान के सर्वोच्च नेता रहे। वह 28 फरवरी को इजराइल और अमेरिका द्वारा संयुक्त रूप से ईरान पर किये गए हमले में मारे गए थे।
खामेनेई के अंतिम संस्कार से जुड़े कार्यक्रम पांच, छह और सात जुलाई को तेहरान और कोम में आयोजित किये जाएंगे, जबकि उन्हें नौ जुलाई को मशहद शहर में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।
भाषा शफीक अविनाश
अविनाश