तेलंगाना में नाबालिग आदिवासी लड़की से कथित सामूहिक दुष्कर्म

Ads

तेलंगाना में नाबालिग आदिवासी लड़की से कथित सामूहिक दुष्कर्म

  •  
  • Publish Date - August 24, 2025 / 04:35 PM IST,
    Updated On - August 24, 2025 / 04:35 PM IST

हैदराबाद,24 अगस्त (भाषा) तेलंगाना के भद्राद्री कोठागुडम जिले में 17-वर्षीय एक आदिवासी लड़की ने आरोप लगाया है कि ऑटोरिक्शा में यात्रा करते समय दो अज्ञात लोगों ने उसके साथ दुष्कर्म किया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि लड़की के मुताबिक, वह 22 अगस्त को छत्तीसगढ़ के कोंटा गई थी और एक ऑटोरिक्शा में सवार हुई थी, जिसमें दो लोग पहले से बैठे थे और उन्होंने उसे पेयपदार्थ दिया था, जिसे पीने के बाद वह बेहोश हो गई।

बाद में उसे भद्राचलम एकीकृत जनजातीय विकास एजेंसी (आईटीडीए) क्षेत्र में होश आया और उसने रविवार सुबह पुलिस को बताया कि दो व्यक्तियों ने उसका ‘‘यौन शोषण’’ किया है।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अब तक अपराध स्थल के संबंध में कोई स्पष्टता नहीं है और ‘‘हमें विस्तार से सत्यापन करने की आवश्यकता है।’’

अधिकारी के मुताबिक, पीड़िता को चिकित्सा जांच के लिए भेजा गया और बयान दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है, जिसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।

भाषा धीरज सुरेश

सुरेश