बदमाशों ने की युवक की हत्या, आक्रोशित परिजन ने चौराहे पर शव रखकर जाम लगाया

Ads

बदमाशों ने की युवक की हत्या, आक्रोशित परिजन ने चौराहे पर शव रखकर जाम लगाया

  •  
  • Publish Date - October 29, 2020 / 10:34 AM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 07:57 PM IST

नोएडा,29अक्टूबर (भाषा) नोएडा थाना सेक्टर 24 क्षेत्र के इस्कॉन मंदिर के पास बुधवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने निठारी गांव के रहने वाले एक युवक की गोली मार कर हत्या कर दी।

घटना से आक्रोशित मृतक के परिजनों ने बृहस्पतिवार दोपहर सेक्टर 21 /25 पर जाम लगा दिया।

पुलिस उपायुक्त (जोन प्रथम) राजेश एस ने बताया कि थाना सेक्टर 24 क्षेत्र के इस्कॉन मंदिर के पास बुधवार देर रात कमल शर्मा (30) घायल अवस्था में पड़े थे।

उन्होंने बताया कि राहगीर उन्हें नोएडा के जिला अस्पताल ले गए,जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

उन्होंने बताया कि अस्पताल से पुलिस को सूचना मिली और घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची थाना सेक्टर 20 पुलिस ने तड़के शव का पोस्टमार्टम कराया।

उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह बात सामने आई कि कमल शर्मा की मौत गोली लगने से हुई है।

डीसीपी ने बताया कि उनके फोन कॉल के आधार पर पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

हत्या से आक्रोशित निठारी गांव के लोगों ने शव को चौराहे पर रखकर सड़क जाम कर दी।

परिजनों के विरोध की सूचना पाकर पूर्व केंद्रीय मंत्री तथा क्षेत्रीय सांसद डॉ महेश शर्मा, और अपर आयुक्त कानून व्यवस्था लव कुमार मौके पर पहुंचे। दोनों के समझाने- बुझाने के बाद मृतक के परिजनों ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया है।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने इस घटना के खुलासे के लिए चार टीमें बनाई है।

भाषा सं शोभना

शोभना