आइजोल, 19 जून (भाषा) मिजोरम के मुख्यमंत्री लालदुहोमा ने कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार विभाग का प्रभार अपने पास रख लिया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
यह विभाग पहले के. सपडांगा के पास था, जो गृह, शहरी विकास और गरीबी उन्मूलन विभागों की जिम्मेदारी भी संभाल रहे थे।
राजनीतिक और कैबिनेट विभाग द्वारा बृहस्पतिवार को जारी एक अधिसूचना के अनुसार, जनहित में इस विभाग का प्रभार तत्काल प्रभाव से मुख्यमंत्री को सौंप दिया गया है, जिससे सपडांगा को इस कार्यभार से मुक्त कर दिया गया है।
यह घटनाक्रम सत्तारूढ़ जोरम पीपल्स मूवमेंट (जेडपीएम) के भीतर आंतरिक मतभेदों के आरोपों के बीच सामने आया है, हालांकि मुख्यमंत्री ने इन आरोपों से इनकार किया है।
विपक्ष के नेता लालछांदमा राल्टे ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया था कि जेडपीएम आंतरिक मतभेदों का सामना कर रही है, जिससे पार्टी के कामकाज पर असर पड़ सकता है।
हालांकि, लालदुहोमा ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा कि पार्टी के भीतर कोई मतभेद नहीं है और उसके सभी विधायक एकजुट हैं।
भाषा खारी संतोष
संतोष