स्थानीय स्तर पर भर्ती बढ़ाने के लिए मिजोरम ने भारतीय सेना के साथ साझेदारी की

Ads

स्थानीय स्तर पर भर्ती बढ़ाने के लिए मिजोरम ने भारतीय सेना के साथ साझेदारी की

  •  
  • Publish Date - February 11, 2026 / 08:18 PM IST,
    Updated On - February 11, 2026 / 08:18 PM IST

आइजोल, 11 फरवरी (भाषा) मिजोरम युवा आयोग (एमवाईसी) ने भारतीय सशस्त्र बलों में राज्य के युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से बुधवार को सेना भर्ती कार्यालय (एआरओ) के साथ एक रणनीतिक साझेदारी की घोषणा की। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि यहां एआरओ मुख्यालय में ‘यंग मिजो एसोसिएशन’ (वाईएमए) के अध्यक्ष मालसॉमजुआला राल्ते और एआरओ निदेशक कर्नल प्रकाश कुमार सिंह के बीच हुई उच्चस्तरीय बैठक के बाद इस सहयोग को अंतिम रूप दिया गया।

उन्होंने कहा कि वार्षिक भर्ती रैलियों को स्थानीय उम्मीदवारों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर मानते हुए दोनों पक्षों ने स्थानीय अभ्यर्थियों की सफलता दर बढ़ाने के वास्ते एक व्यापक सहयोग तंत्र पर सहमति जताई है।

प्रस्तावित साझेदारी के तहत एमवाईसी पूरे राज्य में जागरूकता और प्रेरणा अभियान चलाएगा तथा ऑनलाइन आवेदन के लिए उम्मीदवारों को डिजिटल साक्षरता प्रशिक्षण और प्रवेश परीक्षाओं के लिए विशेष कोचिंग प्रदान करेगा।

अधिकारी के अनुसार, भर्ती प्रक्रिया आठवीं कक्षा से लेकर स्नातक डिग्री तक की शैक्षणिक योग्यता रखने वाले उम्मीदवारों के लिए खुली है।

उन्होंने बताया कि साझेदारी को औपचारिक रूप देने के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) का मसौदा तैयार किया जा रहा है, जिसे अंतिम रूप दिए जाने के बाद हस्ताक्षरित किया जाएगा।

एमवाईसी की स्थापना वर्ष 2008 में मिजोरम सरकार द्वारा राज्य के युवाओं के कल्याण और उन्नति को बढ़ावा देने के लिए एक वैधानिक निकाय के रूप में की गई थी।

यह आयोग मूलतः मिजो छात्रों और नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए पेशेवर अवसरों के साथ एक सेतु का कार्य करता है।

आयोग का प्रमुख उद्देश्य बेरोजगारी की समस्या का समाधान करना और युवाओं को करियर मार्गदर्शन प्रदान करना है।

भाषा तान्या सुरेश

सुरेश