रोजगार की मांग को लेकर विधायक रवींद्र सिंह भाटी ने खुद पर डाला पेट्रोल
रोजगार की मांग को लेकर विधायक रवींद्र सिंह भाटी ने खुद पर डाला पेट्रोल
जयपुर, 19 मई (भाषा) राजस्थान के बाड़मेर जिले में मंगलवार को जिला कलक्टर कार्यालय के बाहर प्रदर्शन के दौरान विधायक रवींद्र सिंह भाटी ने कथित रूप से खुद पर पेट्रोल डाल लिया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
गिरल क्षेत्र की ‘राजस्थान स्टेट माइन्स एंड मिनरल लिमिटेड की लिग्नाइट खदानों’ में चल रहे आंदोलन से जुड़े इस विरोध ने नाटकीय रूप ले लिया, जब भाटी हजारों समर्थकों के साथ खदान स्थल पर सभा को संबोधित करने के बाद जिला कलक्टर कार्यालय पहुंचे।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि उनकी चिंताओं को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता नहीं दी जा रही और मजदूरों का शोषण हो रहा है।
उनकी मुख्य मांगों में बर्खास्त मजदूरों की पुनः नियुक्ति, आठ घंटे की कार्यपाली लागू करना, स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देना, बोनस अधिनियम 1965 के तहत बोनस का भुगतान और मजदूरों के लिए बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था शामिल है।
प्रदर्शनकारियों ने नाराजगी जताई कि बैठक में न तो खनन कंपनी का कोई प्रतिनिधि आया, न ही खनन विभाग या जिला प्रशासन का कोई अधिकारी मौजूद रहा, जिससे ज्ञापन लेने या वार्ता करने का अवसर नहीं मिला।
इसके बाद भाटी और उनके समर्थक वाहनों के बड़े काफिले के साथ कलक्टर कार्यालय की ओर बढ़े। मुख्य द्वार पर कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिस बैरिकेड पार करने की कोशिश की, जिससे पुलिसकर्मियों और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी बहस हो गई।
स्थिति तब तनावपूर्ण हो गई जब भाटी ने अचानक बोतल से पेट्रोल निकालकर खुद पर डाल लिया। हालांकि, मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों और समर्थकों ने तुरंत हस्तक्षेप कर उन्हें रोक लिया और किसी अप्रिय घटना को टाल दिया।
इस घटना से वहां अफरातफरी मच गई, जिसके बाद जिला प्रशासन ने विधायक के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल को वार्ता के लिए आमंत्रित किया।
अधिकारियों ने बताया कि प्रशासन और प्रदर्शनकारियों के बीच मुद्दे को सुलझाने के लिए कलक्टर कार्यालय में बातचीत चल रही है।
भाषा बाकोलिया राजकुमार
राजकुमार

Facebook


