मोदी बंगाल के बारे में झूठ फैला रहे, भाजपा के प्रचारक की भूमिका निभा रहे: तृणमूल

मोदी बंगाल के बारे में झूठ फैला रहे, भाजपा के प्रचारक की भूमिका निभा रहे: तृणमूल

मोदी बंगाल के बारे में झूठ फैला रहे, भाजपा के प्रचारक की भूमिका निभा रहे: तृणमूल
Modified Date: March 14, 2026 / 09:06 pm IST
Published Date: March 14, 2026 9:06 pm IST

कोलकाता, 14 मार्च (भाषा) तृणमूल कांग्रेस ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर ब्रिगेड परेड ग्राउंड में अपनी रैली के दौरान पश्चिम बंगाल में रोजगार और समग्र स्थिति के बारे में ‘झूठ फैलाने’ का आरोप लगाया और कहा कि वह प्रधानमंत्री की बजाय भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रचारक की तरह व्यवहार कर रहे थे। तृणमूल सांसद सयानी घोष ने एक प्रेस वार्ता में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने राज्य के विकास के लिए हजारों करोड़ रुपये मंजूर करने का दावा किया जबकि वास्तव में केंद्र ने राज्य को लगभग दो लाख करोड़ रुपये का बकाया नहीं दिया।

उन्होंने आरोप लगाया, “मोदी जी ने दावा किया कि उन्होंने बंगाल को ‘लॉलीपॉप’ के रूप में 18,000 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। लेकिन वास्तविकता में, उन्होंने 100 दिन के काम की योजना से लेकर गरीबों के लिए आवास और पेयजल आपूर्ति जैसी विभिन्न परियोजनाओं के लिए राज्य का दो लाख करोड़ रुपये का बकाया रोक रखा है।”

सयानी ने दावा किया, “मोदी कई दिनों से संसद में उपस्थित नहीं हो रहे हैं और सांसदों को संबोधित नहीं कर रहे हैं, लेकिन वह भाजपा की सभाओं में भाग ले रहे हैं और चुनाव से पहले नियमित रूप से राज्य का दौरा कर रहे हैं। वह देश के प्रधानमंत्री की बजाय भाजपा प्रचारक की तरह व्यवहार कर रहे हैं।”

उन्होंने राज्य में रोजगार को लेकर मोदी की टिप्पणियों को भी खारिज करते हुए दावा किया कि पश्चिम बंगाल में बेरोजगारी दर देश में सबसे कम (3.7 प्रतिशत) है। लोकसभा सदस्य ने दावा किया, “उत्तराखंड जैसे भाजपा शासित राज्यों में बेरोजगारी दर सबसे अधिक है।”

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने किसानों की चिंताओं को नजरअंदाज किया है और 2022 में नयी दिल्ली के पास हुए किसान विरोध प्रदर्शन स्थल का दौरा तक नहीं किया है।

सयानी ने कहा, “पश्चिम बंगाल में तृणमूल सरकार ने किसानों को मजबूरी में अपनी फसलें बेचने से बचाने के लिए आलू जैसी फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य निर्धारित किया है। बंगाल के बारे में उनका बयान बेबुनियाद है।”

मंत्री ब्रत्य बसु ने आरोप लगाया कि मोदी का बार-बार ‘घुसपैठियों’, ‘बांग्लादेशियों’ और रोहिंग्याओं का जिक्र करना निराधार दावा है।

बसु ने कहा, “वह (मोदी) यह बताने में विफल रहे कि मतदाता सूची से गायब 58 लाख नामों में से कितने रोहिंग्या या बांग्लादेशी थे।”

उन्होंने भाजपा पर मतदाताओं को ध्रुवीकृत करने का आरोप लगाया। मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का भाषण भाजपा के ‘विभाजनकारी एजेंडे’ को दर्शाता है, जिसका उद्देश्य चुनावी लाभ के लिए समुदायों को आपस में लड़ाना है।

उन्होंने कहा कि ‘राज्य के उदार और प्रगतिशील विचारक’ इस तरह की बयानबाजी से प्रभावित नहीं होंगे।

भाषा जितेंद्र माधव

माधव


लेखक के बारे में