जेएनयू परिसर में स्वामी विवेकानंद की आदमकद मूर्ति का अनावरण करेंगे मोदी

जेएनयू परिसर में स्वामी विवेकानंद की आदमकद मूर्ति का अनावरण करेंगे मोदी

जेएनयू परिसर में स्वामी विवेकानंद की आदमकद मूर्ति का अनावरण करेंगे मोदी
Modified Date: November 29, 2022 / 08:10 pm IST
Published Date: November 10, 2020 8:54 am IST

नयी दिल्ली, 10 नवंबर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बृहस्पतिवार को राजधानी दिल्ली स्थित जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के परिसर में स्वामी विवेकानंद की आदमकद मूर्ति का अनावरण करेंगे।

प्रधानमंत्री कार्यालय ने मंगलवार को यह जानकारी दी। वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से होने वाले इस अनावरण कार्यक्रम में केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक भी उपस्थित रहेंगे।

बयान में कहा गया कि स्वामी विवेकानंद के सिद्धांत और संदेश आज भी देश के युवाओं को राह दिखाते हैं और भारत को गर्व है कि यहां पैदा हुई उनकी जैसी महान शख्सियत आज भी दुनिया भर के करोड़ों लोगों को प्रेरित करती है।

बयान के मुताबिक, ‘‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हमेशा कहते रहे हैं कि स्वामी विवेकानंद के आदर्श जितने उनके जीवनकाल में प्रासंगिक थे वह आज भी हैं। प्रधानमंत्री ने हमेशा जोर दिया है कि लोगों की सेवा करने और युवाओं को सशक्त बनाने से देश शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनता है और इससे देश की वैश्विक साख भी बढ़ती है। भारत की समृद्धि और शक्ति यहां के लोगों में निहित है और सभी को सशक्त करने से ही देश आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को हासिल कर सकेगा।’’

भाषा ब्रजेन्द्र

ब्रजेन्द्र शाहिद

शाहिद


लेखक के बारे में