केरल में 26 मई को मानसून देगा दस्तक: मौसम विभाग का अनुमान

Ads

केरल में 26 मई को मानसून देगा दस्तक: मौसम विभाग का अनुमान

  •  
  • Publish Date - May 18, 2026 / 04:23 PM IST,
    Updated On - May 18, 2026 / 04:23 PM IST

तिरूवनंतपुरम, 18 मई (भाषा) मौसम विभाग ने सोमवार को कहा कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के 26 मई को केरल पहुंचने की संभावना है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह भी कहा कि मानसून के आगमन की तारीख में चार दिन का अंतर देखने को मिल सकता है।

आईएमडी ने कहा कि अगले पांच दिनों में केरल और माहे के कुछ हिस्सों में बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने का अनुमान है।

मौसम विभाग के अनुसार, ऐसा दक्षिणी तटीय आंध्र प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में चक्रवाती परिसंचरण के कारण हो सकता है, जिससे केरल, दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक, रायलसीमा और दक्षिण लक्षद्वीप से सटे दक्षिण-पूर्वी अरब सागर में निम्न वायु दाब का क्षेत्र बन गया है।

आईएमडी के अनुसार, दक्षिण-पश्चिमी मानसून दक्षिण-पूर्वी अरब सागर के अधिकांश हिस्सों और कन्याकुमारी क्षेत्र के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ चुका है।

मौसम विभाग के अनुसार, यह दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के अधिकांश हिस्सों, अंडमान सागर के अधिकांश भाग, अंडमान निकोबार द्वीप समूह और पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में भी आगे बढ़ चुका है।

आईएमडी ने केरल के कई हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना को लेकर दो जिलों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ और 10 जिलों के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है।

कन्नूर और कासरगोड जिलों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया, जबकि त्रिशूर और पलक्कड़ को छोड़कर 10 जिलों के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है।

मंगलवार के लिए, आईएमडी ने नौ जिलों के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है।

‘ऑरेंज अलर्ट’ 11 सेंटीमीटर से 20 सेमी तक की बहुत भारी बारिश को, जबकि ‘येलो अलर्ट’ 6 सेमी से 11 सेमी के बीच की भारी बारिश को दर्शाता है।

भाषा सुभाष अविनाश

अविनाश