देहरादून, 25 अप्रैल (भाषा) उत्तराखंड के केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के बाद शुरुआती चार दिन में 1.24 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए हैं, जो 2026 की यात्रा के लिए अच्छी शुरुआत मानी जा रही है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
जिला सूचना कार्यालय के अनुसार 22 अप्रैल को कपाट खुलने के बाद से अब तक कुल 1,24,782 श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की। शनिवार को शाम पांच बजे तक 31,160 श्रद्धालु मंदिर पहुंचे, जिनमें 21,035 पुरुष और 9,993 महिलाएं थीं।
रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के तहत यात्रा सुचारु रूप से जारी है।
मिश्रा ने बताया कि हेलीपैड और पैदल मार्ग पर प्रशासन व पुलिस के जवान तैनात हैं, ताकि यातायात और भीड़ को नियंत्रित किया जा सके।
उन्होंने कहा, “श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए सभी टीम पूरी मेहनत से काम कर रही हैं।”
उन्होंने यह भी बताया कि श्री भैरवनाथ मंदिर के कपाट खुलने के बाद आज से मंदिर में शाम की आरती भी शुरू हो जाएगी।
केदार सभा के अध्यक्ष राजकुमार तिवारी ने अव्यवस्था की खबरों को खारिज करते हुए कहा कि मंदिर की छवि खराब करने की कोशिश “निंदनीय” है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान व्यवस्था में हर श्रद्धालु को दर्शन करने का अवसर मिल रहा है।
केदार सभा के वरिष्ठ सदस्य उमेश चंद्र पोस्ती ने तीर्थयात्रियों से सोशल मीडिया पर फैल रही “भ्रामक और झूठी खबरों” पर ध्यान न देने की अपील की।
उन्होंने बताया कि श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति और जिला प्रशासन ने जल्दी दर्शन के लिए टोकन व्यवस्था लागू की है।
केदार सभा के एक अन्य सदस्य संजय तिवारी ने बताया कि स्थानीय निवासी और प्रशासन मिलकर श्रद्धालुओं के लिए रहने और खाने की पर्याप्त व्यवस्था कर रहे हैं।
अधिकारियों ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन पूरे यात्रा मार्ग की निगरानी एक विशेष नियंत्रण कक्ष के जरिए कर रहा है।
भाषा जोहेब माधव
माधव