दिल्ली में 225 एकड़ से अधिक वन भूमि अतिक्रमण से मुक्त करायी गयी

दिल्ली में 225 एकड़ से अधिक वन भूमि अतिक्रमण से मुक्त करायी गयी

दिल्ली में 225 एकड़ से अधिक वन भूमि अतिक्रमण से मुक्त करायी गयी
Modified Date: April 7, 2026 / 06:16 pm IST
Published Date: April 7, 2026 6:16 pm IST

नयी दिल्ली, सात अप्रैल (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में विभिन्न क्षेत्रों में 225 एकड़ से अधिक वन भूमि अतिक्रमण से मुक्त करायी गयी है, जिसमें से अधिकतर अतिक्रमण शहर के दक्षिणी हिस्सों में हुआ था। आधिकारिक आंकड़ों से यह जानकारी मिली।

वन विभाग द्वारा संकलित आंकड़ों से पता चलता है कि 2019-20 से अब तक लगभग 91.15 हेक्टेयर (लगभग 225 एकड़) भूमि अतिक्रमण मुक्त करायी गयी है जबकि कई क्षेत्रों में भूस्वामी एजेंसियों के साथ सुलह प्रक्रिया अभी जारी है।

दक्षिण जिले में सबसे अधिक अतिक्रमण हटाया गया, जहां 2019-20 से 2024-25 के बीच लगभग 77 हेक्टेयर या लगभग 190 एकड़ वन भूमि अतिक्रमण मुक्त करायी गयी।

दक्षिण-पूर्वी जिले में, इसी अवधि के दौरान लगभग 2.92 हेक्टेयर या लगभग 7.2 एकड़ भूमि पर से अतिक्रमण हटाया गया।

पश्चिमी वन प्रभाग में, नयी दिल्ली जिले के दक्षिणी रिज के कुछ हिस्सों में, जिनमें रजोकरी, रंगपुरी, घिटोरनी और महिपालपुर जैसे क्षेत्र शामिल हैं, 2019-20 से 2023-24 के बीच लगभग 11.23 हेक्टेयर (लगभग 27.7 एकड़) भूमि पर से अतिक्रमण हटाया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि कई क्षेत्रों में, वन विभाग के सीधे नियंत्रण वाली वन भूमि पर ‘कोई अतिक्रमण’ दर्ज नहीं किया गया है, जबकि अन्य क्षेत्रों से संबंधित जानकारी संबंधित एजेंसियों के परामर्श से अद्यतन की जा रही है।

इस बीच पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा जारी एक सूचना के अनुसार वन भूमि पर अतिक्रमण को पिछले वर्ष नवंबर में पत्र जारी होने की तिथि से दो वर्ष के भीतर हटाना होगा और उसके बाद अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी।

भाषा अविनाश पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में