केदारनाथ के कपाट खुलने के पहले तीन दिनों में ही 90 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन किए

केदारनाथ के कपाट खुलने के पहले तीन दिनों में ही 90 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन किए

केदारनाथ के कपाट खुलने के पहले तीन दिनों में ही 90 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन किए
Modified Date: April 25, 2026 / 12:19 am IST
Published Date: April 25, 2026 12:19 am IST

(तस्वीर के साथ)

रुद्रप्रयाग, 24 अप्रैल (भाषा) केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के पहले तीन दिनों में ही 90 हजार से अधिक तीर्थयात्री बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार को श्रद्धालुओं के लिए खोले गए थे।

रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन द्वारा केदारपुरी में यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा करने के बाद रुद्रप्रयाग की पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर ने बताया कि यात्रा के शुरुआती दिनों में ही श्रद्धालुओं का भारी उत्साह देखने को मिला है और अब तक 90 हजार से ज्यादा तीर्थयात्रियों द्वारा दर्शन किए जा चुके हैं ।

उन्होंने कहा कि कपाट खुलने के पहले दिन 22 अप्रैल को 38,000, दूसरे दिन 25,000 से अधिक और शुक्रवार को तीसरे दिन भी अब तक 30,000 से अधिक यात्रियों ने बाबा केदार के दर्शन कर लिए हैं।

तोमर ने बताया कि धाम में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं तथा पर्याप्त पुलिस बल के साथ-साथ केंद्रीय अर्द्धसैनिक सुरक्षा बल की तैनाती भी की गई है।

उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अग्निशमन सेवा, राज्य आपदा प्रतिवादन बल और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की टीमें मुस्तैद हैं।

इससे पहले, रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी विशाल मिश्रा और पुलिस अधीक्षक ने अपनी टीम के साथ पूरे परिसर का भ्रमण कर यह सुनिश्चित किया कि श्रद्धालुओं को कहीं किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अपुष्ट सूचनाओं पर ध्यान न दें और यात्रा से जुड़ी सही और सटीक जानकारी के लिए केवल पुलिस व प्रशासन के आधिकारिक मीडिया हैंडल्स का ही उपयोग करें।

उन्होंने कहा कि प्रशासन उनकी सुरक्षित यात्रा के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।

भाषा सं दीप्ति धीरज

धीरज


लेखक के बारे में