भूस्खलन के कारण केदारनाथ मार्ग पर फंसे दस हजार से अधिक श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकाला गया

Ads

भूस्खलन के कारण केदारनाथ मार्ग पर फंसे दस हजार से अधिक श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकाला गया

  •  
  • Publish Date - May 20, 2026 / 11:32 AM IST,
    Updated On - May 20, 2026 / 11:32 AM IST

देहरादून, 20 मई (भाषा) उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में केदारनाथ यात्रा मार्ग पर भारी बारिश के बाद सोनप्रयाग—गौरीकुंड के बीच मुनकटिया क्षेत्र में भूस्खलन होने से बीच रास्ते में फंस गए करीब 10 हजार श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकाल लिया गया है । राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) ने बुधवार को यह जानकारी दी ।

एसडीआरएफ ने बताया कि मंगलवार देर रात मुनकटिया में भूस्खलन होने से मुख्य सड़क मार्ग अवरुद्ध हो गया और बड़ी संख्या में श्रद्धालु बीच रास्ते में फंस गए ।

सूचना मिलने पर एसडीआरएफ तथा राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीमें मौके पर पहुंचीं तथा रात्रि का समय, खराब मौसम, पहाड़ी से लगातार गिरता मलबा तथा यात्रियों की भारी भीड़ के कारण अत्यंत चुनौतीपूर्ण स्थिति में राहत और बचाव कार्य चलाया ।

एसडीआरएफ ने बताया कि टीमों ने सूझबूझ और धैर्य से सड़क के दूसरी ओर फंसे लगभग 10,450 श्रद्धालुओं को सुरक्षित तरीके से मार्ग पार कराया तथा बारिश और अंधेरे के बीच श्रद्धालुओं का हौसला बढ़ाते हुए उन्हें सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया ।

उसने बताया कि मार्ग पर आए मलबे को बचाव अभियान पूरा होने के बाद जेसीबी मशीनों की सहायता से हटाया गया और सड़क को सुचारु कर यातायात बहाल किया गया ।

उधर, चमोली जिला पुलिस ने बताया कि मंगलवार देर शाम भारी बारिश के कारण बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पागलनाला के समीप भूस्खलन से बाधित हो गया जिसके कारण यातायात रूक गया ।

हालांकि, पुलिस ने बताया कि मंगलवार देर रात तक मलबा हटा कर सड़क खोल दी गयी और वहां रुके सभी वाहन निकल गए ।

भाषा दीप्ति मनीषा

मनीषा

शीर्ष 5 समाचार