नयी दिल्ली, 22 मार्च (भाषा) दिल्ली के मालवीय नगर स्थित अपने घर में अपनी दो बेटियों की कथित तौर पर हत्या करने के बाद आत्महत्या का प्रयास करने वाली 54 वर्षीय महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि छह मार्च को 34 और 28 वर्ष की दो बहनों के शव मालवीय नगर के एफ-ब्लॉक स्थित उनके भूतल वाले आवास के अलग-अलग कमरों में पाए गए थे, जबकि उनकी मां दूसरे कमरे में बेहोश पाई गई थीं।
उन्होंने बताया कि जहरीले पदार्थ का कथित तौर पर सेवन करने वाली आरोपी मां को शुक्रवार को उसकी चिकित्सा जांच के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने शुरू में हत्या-आत्महत्या के प्रयास का संदेह जताया था और हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया, जबकि घटनाक्रम जानने के लिए महिला का बयान दर्ज करने की प्रतीक्षा की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, जांचकर्ताओं ने कहा कि मानसिक रूप से दिव्यांग बड़ी बेटी के चेहरे पर तकिया रखा हुआ मिला, जबकि कानून की छात्रा छोटी बेटी के गले में फंदा लगा हुआ था।
पुलिस ने बताया कि मां ने जहरीले पदार्थ का कथित तौर पर सेवन किया था।
पुलिस के अनुसार, महिला अपने पति से तनावपूर्ण संबंधों और दूसरों पर आर्थिक निर्भरता के कारण कथित तौर पर परेशान थी, जो इस अपराध का कारण हो सकता है।
अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
भाषा यासिर संतोष
संतोष