सूरत में भागने की कोशिश कर रहे हत्या के आरोपी को पुलिस ने पैर में गोली मारी

Ads

सूरत में भागने की कोशिश कर रहे हत्या के आरोपी को पुलिस ने पैर में गोली मारी

  •  
  • Publish Date - May 11, 2026 / 05:31 PM IST,
    Updated On - May 11, 2026 / 05:31 PM IST

सूरत, 11 मई (भाषा) गुजरात के सूरत में सोमवार को पुलिस ने ‘रोड रेज’ की एक घटना में एक नाबालिग की कथित तौर पर हत्या करने के आरोपी व्यक्ति के पैर में उस समय गोली मार दी, जब वह एक सिपाही पर चाकू से हमला कर भागने की कोशिश कर रहा था। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी राहुल जोगी रविवार को नाबालिग की हत्या करने के बाद लिंबायत इलाके में छिपा हुआ था।

पुलिस ने सोमवार तड़के तलाशी अभियान चलाकर लिंबायत इलाके के मिठीखाड़ी में आरोपी का पता लगा लिया।

लिंबायत पुलिस निरीक्षक डी. डी. चौहान के अनुसार, जब सुरक्षाकर्मियों ने उसे पकड़ने की कोशिश की, तो आरोपी ने कांस्टेबल मुकेश बागुल पर कथित तौर पर चाकू से हमला कर दिया।

चौहान के मुताबिक, इसके बाद उन्होंने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से आत्मरक्षा में दो गोलियां चलाईं, जिसमें से एक गोली जोगी के दाहिने पैर में लगी।

पुलिस ने बताया कि आरोपी और घायल कांस्टेबल को अस्पताल ले जाया गया।

पुलिस के अनुसार, गडोदरा निवासी 17 वर्षीय अनुराग पवार रविवार रात करीब 9 बजे एक व्यक्ति के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर उस मोबाइल की दुकान से पैसे लेने जा रहा था जहां वह काम करता था।

चौहान ने बताया, ‘प्रथम दृष्टया, यह प्रतीत होता है कि मामूली टक्कर से हुई झड़प के बाद राहुल जोगी ने अनुराग पवार पर हमला किया। पूछताछ के बाद ही दोनों के बीच व्यक्तिगत दुश्मनी होने या नहीं होने की पुष्टि हो पाएगी।’

मामले में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, झगड़े के दौरान, जोगी ने पीड़ित के सीने और अंगूठे पर चाकू से कथित तौर पर वार किया। पीड़ित ने गंभीर चोटों के कारण दम तोड़ दिया और अस्पताल पहुंचने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और गुजरात पुलिस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

भाषा मनीषा

मनीषा