शराब नीति के ‘फर्जी’ मामले के जरिए मेरी ईमानदारी और प्रतिष्ठा पर हमला किया गया: केजरीवाल

Ads

शराब नीति के ‘फर्जी’ मामले के जरिए मेरी ईमानदारी और प्रतिष्ठा पर हमला किया गया: केजरीवाल

  •  
  • Publish Date - February 27, 2026 / 05:16 PM IST,
    Updated On - February 27, 2026 / 05:16 PM IST

नयी दिल्ली, 27 फरवरी (भाषा) दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने शराब नीति संबंधी एक ‘‘फर्जी’’ मामले के माध्यम से आम आदमी पार्टी (आप) को खत्म करने की साजिश रची।

इससे पहले, शहर की एक अदालत ने राजनीतिक रूप से संवेदनशील शराब नीति मामले में केजरीवाल, दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और 21 अन्य लोगों को आरोप मुक्त कर दिया।

मामले में ‘क्लीन चिट’ मिलने के बाद आम आदमी पार्टी (आप) के प्रमुख ने कहा कि वे प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा दर्ज किए गए मामलों के संबंध में आरोप मुक्त करने के लिए अदालत में आवेदन दाखिल करेंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा ने प्रदूषण, प्रदूषित यमुना, खराब सड़कों जैसी समस्याओं से दिल्ली में अराजकता फैला दी है… मैं प्रधानमंत्री मोदी को दिल्ली में नए सिरे से चुनाव कराने की चुनौती देता हूं और अगर भाजपा 10 से अधिक सीट जीतती है, तो मैं राजनीति छोड़ दूंगा।’’

भाजपा पर निशाना साधते हुए केजरीवाल ने कहा कि उन्होंने अपने पूरे जीवन में केवल ईमानदारी और प्रतिष्ठा अर्जित की है, जिस पर मोदी और शाह ने एक ‘‘फर्जी’’ शराब घोटाला मामले के जरिए हमला किया।

उन्होंने कहा कि अदालत ने ऐतिहासिक फैसला सुनाया है और मौजूदा परिस्थितियों में जब सभी संस्थाएं हमले के घेरे में हैं, न्यायाधीश ने आदेश पारित करने में जबरदस्त साहस दिखाया है।

भाषा

नेत्रपाल दिलीप

दिलीप