नगालैंड पुलिस ने लोगों से शांति और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की अपील की

Ads

नगालैंड पुलिस ने लोगों से शांति और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की अपील की

  •  
  • Publish Date - May 23, 2026 / 11:25 AM IST,
    Updated On - May 23, 2026 / 11:25 AM IST

कोहिमा, 23 मई (भाषा) नगालैंड पुलिस ने पड़ोसी राज्य मणिपुर में कानून व्यवस्था संबंधी मौजूदा स्थिति को लेकर चिंताओं के मद्देनजर तथा नगालैंड में अशांति फैलने की आशंकाओं के बीच नागरिकों से शांति, सांप्रदायिक सद्भाव और सतर्कता बनाए रखने का आग्रह किया है।

नगालैंड के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) रुपिन शर्मा ने लोगों से जिम्मेदारी से काम लेने और किसी भी अपुष्ट जानकारी, अफवाहों या सोशल मीडिया पर भड़काऊ सामग्री को साझा करने से बचने की अपील की है ताकि दहशत, गलतफहमी या सांप्रदायिक तनाव पैदा होने से रोका जा सके।

पुलिस ने शुक्रवार को जारी अपील में सोशल मीडिया पर झूठी और भ्रामक सामग्री के प्रसार के खिलाफ चेतावनी देते हुए कहा कि कृत्रिम मेधा (एआई) के युग में एआई से सामग्री तैयार करना और फर्जी सूचनाओं का प्रसार करना काफी आसान और अधिक खतरनाक हो गया है।

यह सलाह मणिपुर के कांगपोकपी जिले में सशस्त्र समूहों द्वारा बंधक बनाए गए लोगों को बचाने के लिए चलाए जा रहे तलाश अभियानों के बीच जारी की गई है।

मणिपुर के कांगपोकपी और सेनापति जिलों में सशस्त्र समूहों द्वारा बंधक बनाए गए कुकी और नगा समुदाय के करीब 38 लोगों में से 31 लोगों को 14 और 15 मई को रिहा कर दिया गया।

कांगपोकपी में 13 मई को संदिग्ध उग्रवादियों ने चर्च के तीन पदाधिकारियों की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके अलावा चार अन्य लोग घायल भी हो गए थे। उसी दिन पड़ोसी राज्य के नोनी जिले में भी एक नागरिक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी और उसकी पत्नी घायल हो गई थी।

भाषा

प्रचेता सिम्मी

सिम्मी