मंगलुरु, 16 जुलाई (भाषा) कर्नाटक के मंगलुरु में पुलिस की अपराध शाखा ने 5.20 करोड़ रुपये मूल्य का 5.196 किलोग्राम एमडीएमए जब्त करते हुए दो कथित मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों को बागलकोट जिले के हुनागुंड में राष्ट्रीय राजमार्ग के पास ‘रॉयल इन लॉज’ से बुधवार को गिरफ्तार किया गया और उनकी पहचान मोहम्मद अल्फाज (28) तथा मोहम्मद मुस्तफा (28) के रूप में हुई है।
उसने बताया कि अल्फाज और मुस्तफा एमडीएमए दिल्ली से बेंगलुरु ले जा रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, 25 जून 2026 को गिरफ्तार अनप्पा स्वामी की निशानदेही के आधार पर ताजा गिरफ्तारी की गई। पुलिस ने 25 जून को सुरतकल थाना क्षेत्र में कुलइयागुड्डे पानी टंकी के पास एक मकान पर छापा मारकर 15.17 ग्राम एमडीएमए बरामद किया था। आरोपी से पूछताछ में मादक पदार्थों की आपूर्ति करने वालों के बारे में अहम जानकारी मिली थी।
पुलिस के अनुसार, अल्फाज के खिलाफ पहले से ही स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत मामले दर्ज हैं।
उसने बताया कि पूछताछ में पता चला है कि दोनों आरोपी दक्षिण कन्नड़, उडुपी और केरल के बाजारों में एमडीएमए की आपूर्ति करते थे।
भाषा
सं राजेंद्र पारुल
पारुल