प्रश्नपत्र लीक को लेकर विरोध प्रदर्शन के बीच जेपीएससी के तीन सदस्यों ने इस्तीफा दिया

Ads

प्रश्नपत्र लीक को लेकर विरोध प्रदर्शन के बीच जेपीएससी के तीन सदस्यों ने इस्तीफा दिया

  •  
  • Publish Date - August 9, 2026 / 07:37 PM IST,
    Updated On - August 9, 2026 / 07:37 PM IST

रांची, नौ अगस्त (भाषा) झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) के तीनों सदस्यों ने आयोग द्वारा आयोजित भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर हो रहे व्यापक विरोध-प्रदर्शनों के बीच रविवार को इस्तीफा दे दिया।

लोक भवन की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने अजीता भट्टाचार्य, अनिमा हांसदा और जमाल अहमद के इस्तीफे स्वीकार कर लिये।

सीआईडी ने तीनों सदस्यों को प्रश्नपत्र लीक समेत अन्य अनियमितताओं के आरोपों के संबंध में पूछताछ के लिए तलब किया था। इसके बाद यह घटनाक्रम सामने आया।

जेपीएससी के अध्यक्ष एल. खियांग्ते ने 22 जुलाई को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।

जेपीएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के मामले में अब तक 19 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि खियांग्ते से 28 जुलाई से अब तक चार बार पूछताछ की जा चुकी है।

भाषा देवेंद्र दिलीप

दिलीप