पंजाब कांग्रेस से निष्कासित नवजोत कौर सिद्धू ने एक नए राजनीतिक दल की घोषणा की
पंजाब कांग्रेस से निष्कासित नवजोत कौर सिद्धू ने एक नए राजनीतिक दल की घोषणा की
चंडीगढ़, सात अप्रैल (भाषा) पंजाब कांग्रेस से निष्कासित होने के दो महीने बाद पूर्व विधायक नवजोत कौर सिद्धू ने एक नए राजनीतिक दल ‘भारतीय राष्ट्रवादी पार्टी’ की घोषणा की।
पूर्व क्रिकेटर और पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी कौर ने सोमवार देर रात सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर इसकी घोषणा की।
पंजाब कांग्रेस ने ‘मुख्यमंत्री की कुर्सी के लिए 500 करोड़ रुपये’ वाले अपने बयान से राजनीतिक विवाद खड़ा करने के लिए कौर को निलंबित कर दिया था।
बाद में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग की बार-बार आलोचना करने के बाद उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया गया।
सोमवार रात को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कौर ने अपने इस कदम को ‘बहुप्रतीक्षित घोषणा’ बताया। उन्होंने पार्टी (भारतीय राष्ट्रवादी पार्टी) के बैनर के साथ अपनी और एक अन्य व्यक्ति की तस्वीर साझा की।
कौर की पोस्ट में लिखा था, ‘‘बहुप्रतीक्षित घोषणा: राजनीतिक नेताओं के प्रदर्शन के वर्तमान मानकों की सावधानीपूर्वक निगरानी और समीक्षा करने के बाद हम राष्ट्रीय स्तर पर एक नए विकल्प पर काम कर रहे हैं।’’
कौर 2012 में भाजपा के टिकट पर अमृतसर पूर्व से विधायक चुनी गई थीं और उन्होंने मुख्य संसदीय सचिव (स्वास्थ्य) के रूप में भी कार्य किया था।
कौर 2017 के विधानसभा चुनाव से पहले अपने पति के साथ कांग्रेस में शामिल हुईं।
कौर पंजाब कांग्रेस प्रमुख वडिंग पर लगातार हमले कर रही थीं, उन पर राज्य इकाई को ‘नुकसान पहुंचाने’ का आरोप लगा रही थीं और उन्हें ‘अब तक का सबसे भयानक, अक्षम और भ्रष्ट अध्यक्ष’ बता रही थीं।
उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी तीखा हमला बोला था।
छह फरवरी को पंजाब प्रभारी और कांग्रेस के महासचिव भूपेश बघेल ने घोषणा की कि कौर को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है।
भाषा तान्या संतोष
संतोष

Facebook


