जम्मू कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग को लेकर नेकां करेगी प्रदर्शन

Ads

जम्मू कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग को लेकर नेकां करेगी प्रदर्शन

  •  
  • Publish Date - July 19, 2026 / 10:12 PM IST,
    Updated On - July 19, 2026 / 10:12 PM IST

नयी दिल्ली, 19 जुलाई (भाषा) नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग को लेकर सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी में प्रस्तावित प्रदर्शन करेगी हालांकि, प्रदर्शन स्थल को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।

वहीं, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला बाढ़ की स्थिति की निगरानी के लिए जम्मू लौट गए हैं, इसलिए वह भी प्रदर्शन में शामिल नहीं होंगे।

इस प्रदर्शन का समय रणनीतिक रूप से संसद के मानसून सत्र की शुरुआत के साथ रखा गया है।

नेशनल कॉन्फ्रेंस ने शुरुआत में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति मांगी थी लेकिन रविवार देर रात तक दिल्ली पुलिस ने इसकी मंजूरी नहीं दी थी।

इस बीच, कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने भी परीक्षा अनियमितताओं के विरोध में जारी आंदोलन के तहत सोमवार को जंतर-मंतर से संसद तक मार्च करने का ऐलान किया है।

इन दोनों राजनीतिक घटनाक्रमों के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने इलाके में कई जगहों पर अवरोधक लगाकर सुरक्षा कड़ी कर दी है और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 लागू कर दी है, जिसके तहत चार या उससे अधिक लोगों के गैरकानूनी रूप से एकत्र होने पर रोक है।

नेकां के सूत्रों के अनुसार, दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन के लिए रामलीला मैदान का वैकल्पिक स्थल सुझाया था, लेकिन पार्टी नेतृत्व ने इस प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया।

पार्टी अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला की अध्यक्षता में रविवार शाम नेकां नेतृत्व की बैठक हुई, जिसमें आगे की रणनीति और वैकल्पिक योजनाओं पर चर्चा की गई।

वरिष्ठ नेताओं ने हालांकि अंतिम निर्णय के बारे में कुछ भी बताने से इनकार किया।

पार्टी के विधायक और मंत्री प्रदर्शन में शामिल होने के लिए पहले ही दिल्ली पहुंच चुके हैं।

पार्टी नेतृत्व ने दोहराया कि प्रदर्शन स्थल को लेकर आने वाली बाधाओं के बावजूद कार्यक्रम तय योजना के अनुसार आयोजित किया जाएगा।

इस बीच, नयी दिल्ली में प्रदर्शन का नेतृत्व करने वाले मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने अपनी योजना में अचानक बदलाव किया और राजौरी तथा पुंछ जिलों में विनाशकारी बाढ़ से हुई जनहानि व भारी संपत्ति नुकसान के मद्देनजर जम्मू रवाना हो गए।

भाषा जितेंद्र दिलीप

दिलीप