एनसीबी ने ‘डार्क वेब’ आधारित मादक पदार्थ तस्करी गिरोह का किया भंडाफोड़

Ads

एनसीबी ने 'डार्क वेब' आधारित मादक पदार्थ तस्करी गिरोह का किया भंडाफोड़

  •  
  • Publish Date - March 8, 2026 / 09:15 PM IST,
    Updated On - March 8, 2026 / 09:15 PM IST

नयी दिल्ली, आठ मार्च (भाषा) स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) ने रविवार को कहा कि उसने मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले ‘डार्क वेब’ आधारित एक गिरोह का भंडाफोड़ कर दो लोगों को गिरफ्तार किया है।

एनसीबी ने कहा कि उसने गिरोह के सदस्यों के पास से बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ भी जब्त किया है, जिसका इस्तेमाल आम तौर पर ‘रेव पार्टियों’ में किया जाता है।

एनसीबी के मुताबिक, इस नेटवर्क पर जनवरी 2025 से अब तक मादक पदार्थों की 1,000 से अधिक खेप भेजने का आरोप है, और यह ‘टीम कल्कि’ के कोड नाम से संचालित होता था।

यह गिरोह कथित तौर पर अपराध से प्राप्त धनराशि को वैध बनाने के लिए क्रिप्टोकरेंसी का इस्तेमाल कर रहा था।

एनसीबी ने बताया कि उसने घरेलू स्तर पर जब्त किए गए 13 पार्सलों से 2,338 एलएसडी ब्लॉट, 160 एमडीएमए (एक्स्टसी) की गोलियां, लगभग 73 ग्राम चरस, 3.64 ग्राम एम्फ़ैटेमिन और 3.6 किलोग्राम तरल एमडीएमए जब्त किया है।

इसके अलावा नीदरलैंड से आए दो पार्सल भी बरामद किए गए थे।

अधिकारियों ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि जब्त किए गए मादक पदार्थों का अनुमानित मूल्य अंतरराष्ट्रीय बाजार में पांच करोड़ रुपये है। इन मादक पदार्थों का आमतौर पर ‘रेव पार्टियों’ में इस्तेमाल किया जाता है।

एनसीबी ने एक बयान में कहा, ‘‘ यह अभियान भारत में सक्रिय डार्क वेब आधारित मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले नेटवर्कों पर की गई महत्वपूर्ण कार्रवाइयों में से एक है।’’

एनसीबी ने इस सिलसिले में अनुराग ठाकुर और विकास राठी नामक दो लोगों को गिरफ्तार किया है।

भाषा रविकांत दिलीप

दिलीप