राकांपा (शप) सांसद ने बारामती विमान हादसे की उच्च स्तरीय जांच की मांग की

राकांपा (शप) सांसद ने बारामती विमान हादसे की उच्च स्तरीय जांच की मांग की

राकांपा (शप) सांसद ने बारामती विमान हादसे की उच्च स्तरीय जांच की मांग की
Modified Date: February 6, 2026 / 05:29 pm IST
Published Date: February 6, 2026 5:29 pm IST

बीड, छह फरवरी (भाषा) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी-शरदचंद्र पवार (राकांपा-शप) के लोकसभा सदस्य बजरंग सोनवणे ने शुक्रवार को कहा कि बारामती में पिछले महीने हुए उस विमान हादसे की उच्च स्तरीय जांच की जानी चाहिए, जिसमें महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार सहित पांच लोगों की मौत हो गई थी।

बीड में संवाददाताओं से मुखातिब सोनवणे ने कहा कि पवार के मुंबई स्थित उनके आधिकारिक आवास से निकलने से लेकर हवाई अड्डे पहुंचने तक के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जानी चाहिए।

पवार को ले जा रहा निजी विमान 28 जनवरी को बारामती में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। नागर विमानन महानिदेशालय ने इस हादसे की जांच के आदेश दिए हैं।

सोनवणे ने कहा कि जब वह अविभाजित राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) का हिस्सा थे, तब अजित पवार ने उनके राजनीतिक करियर को आकार देने में अहम भूमिका निभाई थी।

राकांपा (शप) सांसद ने कहा, “मैं 1999 से उनके (अजित पवार) साथ जुड़ा हुआ था। पूरा महाराष्ट्र और देश शोक में डूबा हुआ है। यह नियति का एक क्रूर खेल है।”

सोनवणे ने घोषणा की कि अजित पवार की याद में कैज तहसील के येदेश्वरी चीनी मिल परिसर में एक भव्य स्मारक का निर्माण किया जाएगा।

भाषा पारुल दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में