राजग रिकॉर्ड बहुमत से बिहार में सत्ता में वापसी करेगा : भाजपा

Ads

राजग रिकॉर्ड बहुमत से बिहार में सत्ता में वापसी करेगा : भाजपा

  •  
  • Publish Date - October 18, 2025 / 09:35 PM IST,
    Updated On - October 18, 2025 / 09:35 PM IST

नयी दिल्ली, 18 अक्टूबर (भाषा) भाजपा ने शनिवार को बिहार में विपक्षी महागठबंधन में समन्वय की कमी और अंदरूनी कलह का दावा करते हुए कहा कि सत्तारूढ़ राजग मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आगामी राज्य विधानसभा चुनावों में रिकॉर्ड बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगा।

बिहार विधानसभा की 243 सीटों के लिए चुनाव दो चरणों में छह और 11 नवंबर को होने वाले हैं। मतगणना 14 नवंबर को होगी।

भाजपा सांसद और मुख्य प्रवक्ता अनिल बलूनी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में न केवल सभी 243 सीटों का आवंटन आपसी सहमति से हो गया है, बल्कि नामांकन भी दाखिल हो चुके हैं और 80 से ज्यादा जनसभाएं हो चुकी हैं।”

उन्होंने कहा, “दूसरी ओर, महागठबंधन में न तो नेता तय हुआ है, न सीटें तय हुई हैं और न ही आपस में कोई तालमेल है।”

उन्होंने कहा कि वे आपस में लड़ रहे हैं और एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं।

बलूनी ने दावा किया कि बिहार में ‘महागठबंधन’ से राजग कहीं आगे है।

भाजपा नेता ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में राजग रिकॉर्ड तोड़ बहुमत के साथ फिर से सरकार बनाने के लिए तैयार है।”

उन्होंने कहा, “बिहार की जनता राजद-कांग्रेस की असलियत से अच्छी तरह वाकिफ है। उन्होंने महागठबंधन को नकार दिया है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में बिहार विकास के पथ पर अग्रसर है।”

भाषा प्रशांत रंजन

रंजन