दिल्ली : भारी बारिश के बाद जलभराव पर एनडीएमसी ने मांगी माफी

Ads

दिल्ली : भारी बारिश के बाद जलभराव पर एनडीएमसी ने मांगी माफी

  •  
  • Publish Date - August 26, 2026 / 12:41 PM IST,
    Updated On - August 26, 2026 / 12:41 PM IST

नयी दिल्ली, 26 अगस्त (भाषा) नयी दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने बुधवार को अपने अधिकार क्षेत्र के कई इलाकों में बारिश के कारण हुए जलभराव के लिए स्थानीय निवासियों से माफी मांगी और कहा कि भविष्य में ऐसी स्थिति से निपटने के लिए व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।

एनडीएमसी के अध्यक्ष मनोज कुमार द्विवेदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि सामान्य परिस्थितियों में नगर निकाय 15-20 मिनट के भीतर जलभराव की समस्या दूर कर देता है, लेकिन मंगलवार को कम से कम तीन-चार स्थानों पर पानी निकालने में एक घंटे से अधिक समय लग गया।

मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी में भारी बारिश हुई, जिसके कारण कई इलाकों में जलभराव हो गया और लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।

द्विवेदी के अनुसार, दो घंटे से भी कम समय में 72 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई। उन्होंने कहा कि भले ही बहुत कम समय में अत्यधिक बारिश हुई हो, लेकिन इसे लोगों को हुई परेशानी और अव्यवस्था के लिए कोई बहाना नहीं बनाया जा सकता।

उन्होंने कहा, ‘‘25 अगस्त को एनडीएमसी क्षेत्र में जलभराव के कारण जिन लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा, मैं उनसे दिल से माफी मांगता हूं।’’

द्विवेदी ने कहा कि नगर निकाय पूरे एनडीएमसी क्षेत्र को ‘‘पूरी तरह जलभराव मुक्त’’ बनाने के लिए कई अल्पकालिक और दीर्घकालिक उपाय करेगा।

उन्होंने कहा, ‘‘हम यह सुनिश्चित करने के लिए काम करेंगे कि भविष्य में हमारे नागरिकों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।’’ उन्होंने व्यवस्था में सुधार के लिए स्थानीय निवासियों से सुझाव भी आमंत्रित किए।

भाषा गोला मनीषा

मनीषा