कोच्चि पुलिस की मदद से नीट अभ्यर्थी को मिला परीक्षा देने का मौका

Ads

कोच्चि पुलिस की मदद से नीट अभ्यर्थी को मिला परीक्षा देने का मौका

  •  
  • Publish Date - June 22, 2026 / 04:34 PM IST,
    Updated On - June 22, 2026 / 04:34 PM IST

कोच्चि (भाषा), 22 जून (भाषा) देशभर में नीट परीक्षा केंद्रों पर दस्तावेजों की कमी या देरी के कारण अभ्यर्थियों को लौटाए जाने की घटनाओं के बीच कोच्चि में पुलिस की एक टीम ने एक छात्रा को परीक्षा में शामिल होने में मदद की।

वरिष्ठ अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की है। कोच्चि सिटी पुलिस ने सोमवार को एक बयान जारी कर इसमें शामिल कर्मियों के प्रयासों की प्रशंसा की।

पुलिस के अनुसार, वायपीन निवासी सना जोस राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) देने के लिए एलामक्कारा के सरकारी उच्च माध्यमिक विद्यालय पहुंची थी। वहां प्रवेश द्वार पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने पाया कि सना के पास जरूरी पासपोर्ट आकार की तस्वीर नहीं थी।

अधिकारियों ने बताया कि इससे छात्रा परेशान हो गई और उसे परीक्षा हॉल में प्रवेश नहीं मिलने की चिंता सताने लगी।

पुलिस ने बताया कि रविवार होने के कारण अधिकतर फोटो स्टूडियो बंद थे और परीक्षा शुरू होने में कम समय बचा था। ऐसे में एक अधिकारी ने देशाभिमानी जंक्शन के पास स्थित ज़ायोन स्टूडियो के मालिक बिनु से संपर्क किया।

मामले की गंभीरता को समझते हुए बिनु तुरंत अपने घर से अपने फोटो स्टूडियो पहुंचे और छात्रा के लिए पासपोर्ट आकार की नयी तस्वीरें तैयार कीं।

अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद एक पुलिसकर्मी तस्वीरें लेकर उन्हें तुरंत परीक्षा केंद्र देने गया।

पुलिस के अनुसार, समय पर तस्वीरें पहुंचने से सना परीक्षा शुरू होने से पहले सत्यापन प्रक्रिया पूरी कर सकी और बिना किसी अन्य परेशानी के परीक्षा हॉल में प्रवेश कर सकी।

भाषा प्रचेता नरेश

नरेश