तमिलनाडु के अधिकारों और गरीबों के अनुकूल नहीं ‘नीट’ : स्वास्थ्य मंत्री अरुण राज
तमिलनाडु के अधिकारों और गरीबों के अनुकूल नहीं ‘नीट’ : स्वास्थ्य मंत्री अरुण राज
चेन्नई, 20 मई (भाषा) तमिलनाडु के स्वास्थ्य मंत्री अरुण राज ने बुधवार को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) के प्रति सरकार का विरोध दोहराते हुए कहा कि यह राज्य के अधिकारों और गरीब लोगों के खिलाफ है।
उन्होंने यहां मद्रास मेडिकल कॉलेज (एमएमसी) में अपनी पहली आधिकारिक समीक्षा बैठक के दौरान कहा, ‘‘हमने बार-बार कहा है कि हम नीट के पक्ष में नहीं हैं। हम इसके खिलाफ हैं। यह राज्य के अधिकारों और गरीब लोगों के खिलाफ है।’’
स्वास्थ्य मंत्री ने केंद्र द्वारा परीक्षा का कार्यान्वयन किए जाने की आलोचना करते हुए कहा कि राज्य सरकार इसके खिलाफ दृढ़ता से खड़ी है।
उन्होंने ‘पीटीआई वीडियो’ के साथ बातचीत में अपने पुराने कॉलेज में लौटने पर कहा कि उन्हें गर्व की अनुभूति हो रही है।
मंत्री ने कहा, ‘‘सबसे पहले तो, एमएमसी मेरा कॉलेज है। मैंने यहीं से चिकित्सा की पढ़ाई की है और मुझे यहां आकर खुशी हो रही है।’’
स्वास्थ्य अधिकारियों को दिए गए प्राथमिक निर्देशों के बारे में पूछे जाने पर, मंत्री ने कहा कि सरकार का मूल उद्देश्य मरीजों को दी जाने वाली ‘देखभाल गुणवत्ता’ को बेहतर बनाना है।
उन्होंने सरकारी चिकित्सकों से आग्रह किया कि वे इस उद्देश्य को प्रभावी ढंग से पूरा करने के लिए नयी सरकार की अपेक्षाओं को पूरा करने में सहयोग करें।
भाषा प्रचेता नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


