नयी दिल्ली, 12 मई (भाषा) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने तीन मई को आयोजित नीट (यूजी) 2026 परीक्षा से संबंधित प्रश्न पत्र कथित तौर पर लीक होने के सिलसिले में मंगलवार को प्राथमिकी दर्ज की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने मेडिकल प्रवेश परीक्षा ‘नीट-यूजी-2026’ को इसका प्रश्नपत्र लीक होने के आरोपों के मद्देनजर रद्द करने की घोषणा की तथा सरकार ने सीबीआई को इन ‘अनियमितताओं’ की विस्तृत जांच करने का आदेश दिया।
एनटीए के अनुसार, परीक्षा के चार दिन बाद सात मई की शाम को कथित अनियमितताओं से संबंधित सूचनाएं प्राप्त हुईं और आठ मई की सुबह ‘‘स्वतंत्र सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई’’ के लिए केंद्रीय एजेंसियों को भेज दी गईं।
एनटीए ने कहा, ‘‘केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर एनटीए द्वारा तथ्यों को परखे जाने और कानून प्रवर्तन एजेंसियों द्वारा साझा की गई जानकारी के आधार पर राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने तीन मई 2026 को आयोजित नीट (यूजी) 2026 परीक्षा को भारत सरकार की मंजूरी से रद्द करने और अलग से अधिसूचित तिथियों पर परीक्षा पुनः आयोजित करने का निर्णय लिया है।’’
नीट यूजी 2026 परीक्षा तीन मई को भारत के 551 शहरों और अन्य देशों के 14 शहरों में आयोजित की गई थी। यह परीक्षा लगभग 23 लाख पंजीकृत परीक्षार्थियों के लिए आयोजित की गयी थी।
भाषा
देवेंद्र पवनेश
पवनेश