पुडुचेरी, 14 फरवरी (भाषा) केंद्रशासित प्रदेश पुडुचेरी में कोविड-19 के दैनिक मामलों में कमी आई है और यहां सोमवार 10 बजे तक पिछले 24 घंटे में संक्रमण के 52 नए मामले सामने आए। स्वास्थ्य विभाग के एक शीर्ष अधिकारी ने यह जानकारी दी।
स्वास्थ्य विभाग के निदेशक जी श्रीरामुलु ने विज्ञप्ति में बताया कि नए मामले तीन क्षेत्रों पुडुचेरी (40), कराईकल (11), माहे (1) में मिले, जबकि यनम में कोई मामला नहीं मिला। नए मामले 874 नमूनों की जांच में सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि नए मामलों के बाद केंद्रशासित प्रदेश में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 1,65,295 हो गई है।
इस दौरान एक और कोविड मरीज (पुडुचेरी निवासी 72 वर्षीय बुजुर्ग) की मौत हो गई। इससे कोविड-19 संक्रमण से मरने वालों की कुल संख्या बढ़कर 1958 हो गई है।
केंद्रशासित प्रदेश में इलाजरत मरीजों की संख्या 1029 है जिसमें से 41 मरीजों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। बाकी मरीज घर पर ही पृथकवास में हैं। स्वास्थ्य विभाग के निदेशक ने कहा कि पिछले 24 घंटों में 319 कोविड मरीजों के ठीक होने के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। इसके साथ केंद्रशासित प्रदेश में कोरोना वायरस से उबरने वालों की कुल संख्या बढ़कर 1,62,308 हो गई। निदेशक ने कहा कि केंद्रशासित प्रदेश में पॉजिटिविटी दर 5.95 फीसदी, कोविड संक्रमण से मृत्यु दर 1.18 फीसदी और कोविड संक्रमण से ठीक होने की दर 98.19 फीसदी है। स्वास्थ्य विभाग ने अब तक कुल 15,56,347 लोगों को कोरोना वायरस रोधी टीके लगाए हैं।
भाषा संतोष पवनेश
पवनेश