नयी दिल्ली, एक जुलाई (भाषा) दिल्ली सरकार द्वारा स्थापित डॉ. बी आर अंबेडकर विश्वविद्यालय (एयूडी) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक (यूजी) पाठ्यक्रमों में दाखिले की प्रक्रिया दो जुलाई से शुरू होगी।
विश्वविद्यालय इस वर्ष कई नये स्नातक और स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रम भी शुरू कर रहा है।
विश्वविद्यालय इस सत्र में सामाजिक विज्ञान और मानविकी के विभिन्न विषयों में 23 स्नातक पाठ्यक्रमों की कुल 1,194 सीटों पर दाखिला देगा।
ये दाखिले राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के तहत तीन और चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रमों के लिए ‘सामान्य विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा-स्नातक’ (सीयूईटी-यूजी) 2026 के अंकों के आधार पर होंगे।
नये शैक्षणिक सत्र में कम से कम पांच नये स्नातक पाठ्यक्रम और सात विषयों में एक वर्षीय स्नातकोत्तर कार्यक्रम शुरू किए जा रहे हैं।
अधिकारियों ने बताया कि नए पाठ्यक्रमों में ‘संग्रहालय विज्ञान, संस्कृति और विरासत प्रबंधन में बीए’ जैसे विशेष पाठ्यक्रम शामिल हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, विश्वविद्यालय दृश्य कला में भी स्नातक पाठ्यक्रम शुरू कर रहा है।
उन्होंने बताया कि नए शैक्षणिक सत्र में रचनात्मक लेखन जैसे नए स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम भी शुरू किये जा रहे हैं।
भाषा सुमित धीरज
धीरज