(तस्वीरों के साथ)
नयी दिल्ली, 10 मई (भाषा) कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को सी जोसेफ विजय के तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करने पर उन्हें बधाई दी और कहा कि राज्य ने एक नयी पीढ़ी, एक नयी आवाज तथा एक नयी कल्पना को चुना है।
गांधी ने चेन्नई में विजय के शपथग्रहण समारोह में भाग लिया और कार्यक्रम की तस्वीरें सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर साझा कीं।
विजय ने रविवार को एक भव्य समारोह में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। इसके साथ ही राज्य में 60 वर्षों बाद पहली बार गैर-द्रमुक (द्रविड़ मुनेत्र कषगम) और गैर-अन्नाद्रमुक (ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम) सरकार बनी है।
विपक्ष के नेता ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘तमिलनाडु ने चुनाव कर लिया है। एक नयी पीढ़ी। एक नयी आवाज। एक नयी कल्पना। थिरु विजय को मेरी शुभकामनाएं – आशा है कि वह तमिलनाडु की जनता की आशाओं को पूरा करेंगे।’’
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी विजय को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर बधाई देते हुए कहा कि उन्हें विश्वास है कि लंबे समय से राज्य की राजनीतिक और सामाजिक चेतना को परिभाषित करने वाले आदर्श टीवीके प्रमुख के नेतृत्व में सरकार को आगे भी दिशा देते रहेंगे।
खरगे ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘विजय के तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर मैं उन्हें, तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) पार्टी और पूरे गठबंधन को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूं।’’
उन्होंने कहा कि इस सरकार का गठन आत्मसम्मान, सामाजिक न्याय, सशक्तीकरण और तर्कसंगत सोच जैसे उन मूल्यों की स्थायी ताकत को दोहराता है, जिन्होंने तमिलनाडु की राजनीतिक और सामाजिक चेतना को लंबे समय से आकार दिया है। उन्होंने कहा कि यह विरासत पेरियार और कामराज द्वारा गढ़ी गई थी।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘‘तमिलनाडु के लाखों लोगों, खासकर महत्वाकांक्षी युवाओं ने टीवीके पर भरोसा जताया है। मुझे विश्वास है कि उनके नेतृत्व में ये आदर्श शासन का मार्गदर्शन करते रहेंगे और देश को प्रेरित करेंगे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ऐसी कामना है कि नयी सरकार को करुणा, समावेशिता और प्रतिबद्धता के साथ लोगों की सेवा करने में बड़ी सफलता मिले।’’
विजय के मंत्रिमंडल में युवा और अनुभवी नेताओं का मिश्रण देखने को मिला। अभिनेता से नेता बने 51 वर्षीय विजय की मुख्य टीम को उनकी पहली सरकार में जगह मिली है।
अपने पहले संबोधन में विजय ने कहा कि वह किसी शाही परिवार से नहीं आते और जनता ने उन्हें अपनाया है। उन्होंने यह भी कहा कि वह लोगों को झूठे वादे कर धोखा नहीं देंगे।
समारोह में विजय के पिता एस. ए. चंद्रशेखर और उनकी मां शोभा, अभिनेत्री तृषा समेत कई गणमान्य लोग मौजूद थे। यह कार्यक्रम चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में आयोजित किया गया।
टीवीके के संस्थापक प्रमुख विजय को शनिवार को राज्यपाल द्वारा मुख्यमंत्री नियुक्त किया गया, जब उनकी पार्टी ने तमिलनाडु विधानसभा में 118 के बहुमत के आंकड़े को पार करने के लिए महत्वपूर्ण समर्थन हासिल कर लिया, जिससे दक्षिणी राज्य में सरकार गठन को लेकर कई दिनों से चली आ रही अनिश्चितता समाप्त हो गई।
लगभग 70 वर्षों में पहली बार गैर-द्रमुक, गैर-अन्ना द्रमुक सरकार बनाने के लिए बहुमत जुटाने हेतु कई दिनों की गहन बातचीत के बाद विजय अंततः शनिवार को विदुथलाई चिरुथाइगल काची (वीसीके) और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के चार विधायकों का समर्थन हासिल करने में सफल रहे। कांग्रेस ने चुनाव के तुरंत बाद टीवीके को अपने पांच विधायकों का समर्थन देने का वादा किया था।
भाषा
गोला नेत्रपाल
नेत्रपाल