नयी दिल्ली, पांच जुलाई (भाषा) दिल्ली की लोधी कॉलोनी इलाके में नयी दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के एक आवासीय परिसर की तीसरी मंजिल से कथित तौर पर गिरने के बाद 28 साल की एक नवविवाहिता की मौत हो गई। महिला के परिजनों ने उसके पति और ससुराल वालों पर दहेज के लिए उत्पीड़न करने और हत्या का आरोप लगाया है।
पुलिस ने एक बयान में कहा, ‘पुष्प विहार की रहने वाली आकृति नाम की महिला शनिवार को पालिका कुंज के एनडीएमसी फ्लैट्स के बी-ब्लॉक से कथित तौर पर गिरने के बाद गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली। उसे तुरंत अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।’
पुलिस के अनुसार, आकृति ने इस साल 24 अप्रैल को शादी की थी और वह छतरपुर में एक निजी कंपनी में ‘सेल्स एग्जीक्यूटिव’ के तौर पर काम कर रही थी।
पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘चूंकि मौत शादी के सात साल के भीतर हुई है, इसलिए कार्रवाई शुरू कर दी गई है और उप-संभागीय मजिस्ट्रेट (एसडीएम) को जरूरी जांच-पड़ताल की प्रक्रिया करने के लिए सूचित कर दिया गया है।’
घटना के सभी पहलुओं की पुष्टि की जा रही है और जांच जारी है।
हालांकि, महिला के परिवार ने आत्महत्या की आशंका को खारिज कर दिया है और आरोप लगाया है कि उसके पति और ससुराल वालों ने दहेज की मांगों को लेकर आकृति की हत्या कर दी। आकृति के छोटे भाई ने आरोप लगाया कि दोषियों को बचाने के लिए इस घटना को आत्महत्या का रूप दिया जा रहा है। उसने दावा किया कि भाई-बहनों में सबसे बड़ी उसकी बहन एक जिम्मेदार और मानसिक रूप से मजबूत इंसान थी।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि शादी के बाद महिला के पति ने उसके साथ मारपीट और उत्पीड़न किया। परिवार के अनुसार, यह प्रेम और परिवार की सहमति से हुआ विवाह था। परिवार ने आरोप लगाया कि आकृति की शादी सिर्फ ढाई महीने पहले हुई थी, जिससे उसकी मौत के हालात और भी संदिग्ध हो जाते हैं।
पुलिस ने बताया कि परिवार के सदस्यों और अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
भाषा
शुभम दिलीप
दिलीप