‘ऑपरेशन तूफान’ का अगला चरण मादक पदार्थ की तस्करी के सभी रास्ते बंद करेगा : चेन्निथला

Ads

'ऑपरेशन तूफान' का अगला चरण मादक पदार्थ की तस्करी के सभी रास्ते बंद करेगा : चेन्निथला

  •  
  • Publish Date - July 10, 2026 / 05:20 PM IST,
    Updated On - July 10, 2026 / 05:20 PM IST

तिरुवनंतपुरम, 10 जुलाई (भाषा) केरल के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने शुक्रवार को कहा कि राज्य में मादक पदार्थों के प्रवेश के सभी रास्तों को बंद करने के लिए केंद्रीय एजेंसियों और दक्षिणी राज्यों के पुलिस प्रमुखों के समन्वय से जल्द ही मादक पदार्थ रोधी व्यापक अभियान ‘ऑपरेशन तूफान’ का अगला चरण शुरू किया जाएगा।

इसे एक बड़ा अंतर-एजेंसी अभियान बताते हुए चेन्निथला ने कहा कि इसका उद्देश्य मादक पदार्थ तस्करों द्वारा फायदा उठाए जाने वाली मौजूदा खामियों को दूर करना और केरल की सीमाओं के साथ-साथ परिवहन नेटवर्क पर निगरानी मजबूत करना है।

उन्होंने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘ ‘ऑपरेशन तूफान’ का अगला चरण केंद्रीय एजेंसियों और दक्षिणी राज्यों के पुलिस महानिदेशकों की भागीदारी वाला एक बड़ा समन्वित अभियान होगा। इसका उद्देश्य उन सभी खामियों को बंद करना है, जिनके जरिए मादक पदार्थ केरल में पहुंच रहे हैं।’

मंत्री ने कहा कि इस अभियान का जोर सड़क, रेल, हवाई और जलमार्गों के जरिए मादक पदार्थों की आवाजाही रोकने पर रहेगा। उन्होंने बताया कि इसका अंतिम लक्ष्य केरल को पूरी तरह मादक पदार्थ मुक्त राज्य बनाना है।

उन्होंने कहा कि ‘ऑपरेशन तूफान’ शुरू होने के बाद से मादक पदार्थ तस्कर कानून प्रवर्तन एजेंसियों से बचने के लिए नये-नये तरीके अपना रहे हैं।

मंत्री के अनुसार, अब मादक पदार्थों की आपूर्ति ऑनलाइन मंचों और कूरियर सेवाओं के जरिए की जा रही है। उन्होंने कहा कि तस्कर अपने अंतिम गंतव्य पर पहुंचने से पहले ही ट्रेनों से मादक पदार्थों की खेप नीचे फेंक रहे हैं।

चेन्निथला ने चिकित्सकीय पर्चे पर मिलने वाली दवाओं के इस्तेमाल पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि कैंसर रोगियों के लिए इस्तेमाल होने वाली दवाओं समेत कुछ दवाओं का भी उपयोग नशे के लिए किया जा रहा है।

मंत्री ने कहा कि उन्होंने इस मुद्दे पर स्वास्थ्य मंत्री से चर्चा की है। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर चिकित्सकीय पर्चे पर मिलने वाली दवाओं के दुरुपयोग पर अंकुश लगाने के लिए संयुक्त प्रवर्तन अभियान शुरू किया जाएगा।

भाषा प्रचेता रंजन

रंजन