एनजीटी ने छतरपुर में वन भूमि पर अतिक्रमण को लेकर दिल्ली सरकार और अन्य को नोटिस जारी किया

Ads

एनजीटी ने छतरपुर में वन भूमि पर अतिक्रमण को लेकर दिल्ली सरकार और अन्य को नोटिस जारी किया

  •  
  • Publish Date - May 8, 2026 / 06:34 PM IST,
    Updated On - May 8, 2026 / 06:34 PM IST

नयी दिल्ली, आठ मई (भाषा) राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) ने छतरपुर में कुछ फार्म हाउस मालिकों पर वन भूमि पर अतिक्रमण और पुल का अवैध निर्माण करने का आरोप लगाने वाली याचिका पर दिल्ली सरकार और अन्य से जवाब मांगा है।

याचिका में छतरपुर में महाबलीपुरम ग्रीन और भाटी खुर्द में वन भूमि से सभी अवैध निर्माणों और अतिक्रमण को हटाने का निर्देश देने एवं दोषियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है।

न्यायिक सदस्य अरुण कुमार त्यागी और विशेषज्ञ सदस्यों अफरोज अहमद तथा ए सेंथिल वेल की पीठ ने इस आरोप पर गौर किया कि कुछ फार्महाउस मालिकों ने वन भूमि पर अतिक्रमण कर लिया है, तथा वे उक्त भूमि पर एक पुल का अवैध निर्माण कर रहे हैं।

पीठ ने सात मई को जारी एक आदेश में कहा, ‘‘प्रथम दृष्टया, मूल आवेदन में कही गई चीजें पर्यावरण से संबंधित महत्वपूर्ण प्रश्न उठाती हैं।’’

इसके बाद इसने दिल्ली सरकार और अन्य संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी किए।

मामले में अगली कार्यवाही के लिए 25 मई की तारीख निर्धारित की गई है।

भाषा नेत्रपाल पवनेश

पवनेश

ताजा खबर