कोलकाता, तीन अप्रैल (भाषा) राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) की एक टीम ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के तहत मतदाताओं के नाम हटाए जाने के खिलाफ सात न्यायिक अधिकारियों के घेराव मामले की जांच के लिए बृहस्पतिवार को मालदा के मोथाबाड़ी और कालियाचक थाना क्षेत्रों का दौरा किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
निर्वाचन आयोग ने बुधवार की घटना की जांच की जिम्मेदारी एनआईए को सौंपी है। आयोग ने यह कदम उच्चतम न्यायालय के निर्देश के बाद उठाया, जिसने इस मुद्दे पर पश्चिम बंगाल प्रशासन की कड़ी आलोचना की थी।
एनआईए की 24 सदस्यीय टीम ने मोथाबाड़ी में पुलिस और अन्य कर्मियों से बात की और उस स्थान से सुराग एकत्र किए जहां भीड़ जमा हुई थी और कथित रूप से सुरक्षा बलों द्वारा नाकाबंदी हटाने की कोशिश के दौरान वाहनों पर पथराव किया था।
इस टीम का नेतत्व पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) स्तर के एक अधिकारी कर रहे हैं।
जिले के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि एनआईए के अधिकारियों ने पड़ोसी कालियाचक पुलिस थाना का भी दौरा किया।
न्यायिक अधिकारियों का घेराव करने के मामले में मोथाबाड़ी और कालियाचक थानों में कुल 19 मामले दर्ज किए गए हैं। पश्चिम बंगाल पुलिस ने शुक्रवार को सिलीगुड़ी के बागडोगरा हवाई अड्डे से मुख्य आरोपी समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया। इसी के साथ मामले में गिरफ्तार आरोपियों की कुल संख्या 35 हो गई है।
भाषा धीरज अविनाश
अविनाश
अविनाश