अस्पतालों के पास विद्यालयों-भवनों में रैन बसेरे, तपती गर्मी में तीमारदारों को आसरा

अस्पतालों के पास विद्यालयों-भवनों में रैन बसेरे, तपती गर्मी में तीमारदारों को आसरा

अस्पतालों के पास विद्यालयों-भवनों में रैन बसेरे, तपती गर्मी में तीमारदारों को आसरा
Modified Date: May 19, 2026 / 06:07 pm IST
Published Date: May 19, 2026 6:07 pm IST

नयी दिल्ली, 19 मई (भाषा) भीषण गर्मी के बीच अस्पतालों के बाहर रात बिताने को मजबूर मरीजों के तीमारदारों को राहत देने के लिए एक अहम कदम उठाते हुए दिल्ली सरकार ने राष्ट्रीय राजधानी के चार प्रमुख अस्पतालों के समीप स्थित विद्यालयों और सामुदायिक भवनों को अस्थायी ग्रीष्मकालीन रैन बसेरों में बदल दिया है, जहां ठहरने की बुनियादी सुविधाएं नि:शुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं।

दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड (डूसिब) की इस पहल के बारे में एक अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि ये आश्रय स्थल अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, राम मनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल और सफदरजंग अस्पताल के पास खोले गए हैं।

15 मई से शुरू की गई यह सुविधा दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) और नयी दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के स्कूलों व सामुदायिक केंद्रों में संचालित की जा रही है और यह 15 जुलाई तक जारी रहेगी।

अधिकारी ने बताया कि विशेष रूप से दिल्ली के बाहर से आने वाले कई तीमारदार वित्तीय बाधाओं और आवास के विकल्पों की कमी के कारण अस्पतालों के बाहर, बस स्टैंड या फुटपाथ पर रात बिताने को मजबूर होते हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया, ‘गर्मी के मौसम में कई तीमारदार भीषण लू और तपिश के बीच अस्पतालों के बाहर और नजदीकी सार्वजनिक स्थानों पर रहते हैं। इन आश्रय स्थलों का उद्देश्य उन्हें इस जानलेवा गर्मी से राहत दिलाना है।’

सुविधाओं का विवरण देते हुए अधिकारी ने कहा कि इन केंद्रों में बोर्ड के रैन बसेरों की तर्ज पर बिस्तर, कूलर, पंखे, भोजन, जीवन रक्षक घोल (ओआरएस) के पैकेट, पेयजल डिस्पेंसर, अस्थायी शौचालय और देखभाल करने वाले कर्मचारी तैनात किए गए हैं।

उन्होंने कहा, ‘चूंकि सर्दियों में इस्तेमाल होने वाले ‘पगोडा टेंट’ भीषण गर्मी के दौरान व्यावहारिक नहीं होते, इसलिए नजदीकी स्कूलों और सामुदायिक केंद्रों में यह अस्थायी व्यवस्था की गई है।’

बोर्ड ने इन सुविधाओं के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए चारों अस्पतालों के भीतर पोस्टर भी लगाए हैं।

दिल्ली में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक है। मौसम विभाग ने आगामी एक सप्ताह तक लू का ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है।

भाषा सुमित नरेश

नरेश


लेखक के बारे में