नयी दिल्ली, 18 मार्च (भाषा) किस्सागो-संगीतकार नीलेश मिश्रा ने अपने आगामी एल्बम के पहले गीत ‘‘ज़मीन पे तारे’’ को रिलीज़ किया है। यह एल्बम इसी नाम से प्रकाशित होगा और एक स्वतंत्र गायक-गीतकार के रूप में उनकी दूसरी प्रस्तुति होगी।
यह गीत 17 मार्च को रिलीज़ हुआ और इसे मिश्रा ने लिखा, गीतबद्ध किया तथा खुद गाया भी है, जबकि संगीत मोहित शंकर ने दिया है। गीत फिलहाल ‘स्पॉटिफाई’, ‘जियोसावन’, ‘गाना’, ‘अमेजन म्यूजिक’ और ‘एप्पल म्यूजिक’ जैसे मंचों के साथ-साथ उनके आधिकारिक ‘यूट्यूब’ चैनल पर भी स्ट्रीमिंग के लिए उपलब्ध है।
यहां जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया, ‘‘गीत के बोल एक ऐसे रिश्ते की कहानी बयां करते हैं जो कभी आसमान जितना विशाल लगता था, लेकिन अब टूटे हुए सितारों की तरह ज़मीन पर बिखरा पड़ा है।
इस गीत के साथ एक ‘म्यूजिक वीडियो’ भी जारी किया गया है, जिसका निर्देशन रितम नंदी ने और निर्माण सौम्या टंडन ने किया। वीडियो में मिश्रा के साथ सह-अभिनेत्री रोशनी रावत भी नजर आ रही हैं। वीडियो की ‘सिनेमैटोग्राफी’ अभिषेक वर्मा ने की है और संपादन भुवन चौधरी ने किया है।
मिश्रा, ‘‘बिग एफएम’’ रेडियो पर ‘‘यादों का इडियट बॉक्स’’ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से हिंदी कहानियां सुनाते हैं। उन्होंने रेडियो पर ‘‘कहानी एक्सप्रेस’’ की मेजबानी भी की।
उनके सबसे प्रसिद्ध बॉलीवुड गीतों में फिल्म ‘‘जिस्म’’ का ‘‘जादू है नशा है’’, ‘‘बॉडीगार्ड’’ फिल्म से ‘‘आई लव यू’’, ‘‘बजरंगी भाईजान’’ से ‘‘कुछ तो बता जिंदगी’’, ‘‘दिल तो बच्चा है जी’’ से ‘‘अभी कुछ दिनों से’’ और ‘‘रोग’’ फिल्म से ‘‘मैंने दिल से कहा’’ जैसे गीत शामिल हैं।
भाषा यासिर सुरेश
सुरेश