पेशावर, 25 अप्रैल (भाषा) पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में शनिवार को अज्ञात हमलावरों ने एक पुलिस वाहन और एक एम्बुलेंस पर गोलीबारी की, जिसमें नौ लोग घायल हो गए। स्थानीय पुलिस ने यह जानकारी दी।
स्थानीय पुलिस के प्रवक्ता के अनुसार, बंदूकधारियों ने बाजौर जिले की खार तहसील के रशकाई इलाके में पुलिस वाहन पर घात लगाकर हमला किया, जिसमें पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए।
उन्होंने बताया कि घायलों को अस्पताल ले जाने के लिए घटनास्थल पर पहुंची बचाव एम्बुलेंस पर भी हमलावरों ने गोलीबारी की, जिससे स्थिति और बिगड़ गई।
अधिकारी ने कहा कि इस हमले में एम्बुलेंस चालक और तीन अन्य लोग घायल हो गए।
सुरक्षाबलों ने इलाके को घेर लिया है और दोषियों को पकड़ने के लिए अभियान शुरू कर दिया है।
भाषा तान्या नेत्रपाल
नेत्रपाल