कुरुक्षेत्र स्थित एनआईटी में एक कर्मचारी ने आत्महत्या की,परिसर में तीन माह में खुदकुशी की 5वीं घटना

Ads

कुरुक्षेत्र स्थित एनआईटी में एक कर्मचारी ने आत्महत्या की,परिसर में तीन माह में खुदकुशी की 5वीं घटना

  •  
  • Publish Date - May 11, 2026 / 07:47 PM IST,
    Updated On - May 11, 2026 / 07:47 PM IST

कुरुक्षेत्र(हरियाणा), 11 मई (भाषा) कुरुक्षेत्र स्थित राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) में आत्महत्या की घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा तथा परिसर में सोमवार को मेस के एक कर्मचारी के कथित तौर पर खुदकुशी करने के बाद चिंताएं और बढ़ गई हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

सहायक उप-निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि छात्रावास के मेस में रसोइए का काम करने वाले उत्तर प्रदेश के हरदोई निवासी कौशल (30) का शव तड़के छात्रावास संख्या चार के निकट मेस के बाहर एक पेड़ की शाखा से बंधे फंदे से लटका पाया गया।

पिछले तीन माह में आत्महत्या की यह पांचवीं घटना है। इससे पहले अलग-अलग घटनाओं में चार विद्यार्थी भी कथित तौर पर खुदकुशी कर चुके हैं।

सहायक उप-निरीक्षक ने बताया कि कौशल का शव मिलने पर साथी कर्मचारियों ने संस्थान के प्रशासन और पुलिस को सूचित किया। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मुर्दाघर में रखवा दिया है।

सहायक उप-निरीक्षक विनोद कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि कौशल के परिजनों के अनुसार वह शराब का आदी था और रविवार को अत्यधिक शराब पीने के बाद वह मेस की ड्यूटी पर नहीं गया था।

उसकी पत्नी ने बताया कि कौशल सोमवार सुबह लगभग पांच बजे घर से यह कहकर निकले कि वह ड्यूटी पर जा रहे हैं, लेकिन कुछ ही देर बाद परिवार को उनकी मृत्यु की सूचना मिली।

इस ताजा घटना ने हाल के दिनों में इस प्रतिष्ठित संस्थान में आत्महत्या के मामलों को लेकर चिंताओं को और गहरा कर दिया है।

पिछले माह हरियाणा मानवाधिकार आयोग ने संस्थान में हुई आत्महत्या की घटनाओं की विस्तृत जांच शुरू की थी। संस्थान ने भी परिसर में विद्यार्थियों की आत्महत्या के मामलों की जांच के लिए पिछले माह पांच सदस्यीय समिति गठित की थी।

भाषा

खारी संतोष

संतोष