अहमदाबाद, 20 फरवरी (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन ने शुक्रवार को गुजरात का तीन दिवसीय दौरा शुरू किया, जहां उन्होंने विपक्षी दलों पर हमला करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा या आम आदमी की परवाह नहीं करने वाली कुछ ताकतें चुनाव से पहले फिर से उभरने की कोशिश कर रही हैं।
नवीन ने कहा कि कुछ ‘‘अंशकालिक नेता’’ भी चुनाव के दौरान दिखाई देंगे और उन्होंने लोगों से उन्हें नजरअंदाज करने और हराने का आग्रह किया।
अहमदाबाद हवाई अड्डे पर उनका स्वागत करने के लिए बड़ी संख्या में एकत्र पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और अन्य लोगों को संबोधित करते हुए नवीन ने कहा, ‘‘2027 और 2029 को ध्यान में रखते हुए, हमें पूरी तरह से तैयार रहना होगा। कुछ ताकतें फिर से उभरने की कोशिश कर रही हैं – ऐसी ताकतें जिन्हें देश की सुरक्षा या आम आदमी की परवाह नहीं है, बल्कि वे केवल अपने बारे में सोचती हैं।’’
गुजरात में विधानसभा चुनाव दिसंबर 2027 में होने की उम्मीद है। वहीं, लोकसभा चुनाव 2029 में होना है।
उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा कार्यकर्ता पूर्णकालिक राजनीतिक नेता हैं, जो जनता के बीच रहकर निरंतर काम करते हैं। हालांकि, चुनाव के दौरान कुछ अंशकालिक नेता भी सामने आते हैं। हमें जनता के साथ इतने मजबूत संबंध बनाने होंगे कि वे उन अंशकालिक नेताओं पर ध्यान ही न दें।’’
नवीन ने बताया कि भाजपा अध्यक्ष का पदभार संभालने के बाद, गुजरात की उनकी यह पहली यात्रा है।
उन्होंने कहा, ‘‘जिस जोश और उत्साह के साथ गुजरात पूरे देश का नेतृत्व कर रहा है, वह वास्तव में सराहनीय है। इस धरती के सपूत आज न केवल देश का नेतृत्व कर रहे हैं, बल्कि वैश्विक स्तर पर भी अपनी छाप छोड़ रहे हैं। मैं इस पवित्र भूमि को नमन करता हूं।’’
नवीन ने कहा कि गुजरात ने कई हस्तियों को जन्म दिया है जिन्होंने देश की संस्कृति और विरासत को मजबूत किया है। इक्कीसवीं सदी में अगर भारत अपनी विरासत को संरक्षित रखते हुए विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है, तो इसका श्रेय गुजरात के सपूत और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जाता है।
उन्होंने भाजपा का जनाधार बढ़ाने और उसे अभूतपूर्व ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की भी प्रशंसा की।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘जब आप वोट देते हैं, तो आप केवल गुजरात के लिए सरकार या मुख्यमंत्री नहीं चुनते, बल्कि आप ऐसे नेतृत्व को सशक्त बनाते हैं जो पूरे देश को आगे ले जाए। हम अपने प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण का अनुसरण करते हुए जनता की सेवा को अपना कर्तव्य मानते हैं। हमें जनता से जुड़े रहना चाहिए और उसी भावना के साथ गुजरात की सेवा जारी रखनी चाहिए।’’
नवीन के साथ मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा भी थे।
नवीन का गुजरात दौरा, आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेताओं के दौरे के समय हो रहा है। ‘आप’ संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान शनिवार से शुरू होने वाले अपने दो दिवसीय दौरे पर गुजरात पहुंचने वाले हैं।
भाषा सुभाष माधव
माधव