एनएमसी ने 70 चिकित्सा महाविद्यालयों को सीसीटीवी निगरानी से जुड़े नियमों का पालन करने का निर्देश दिया

Ads

एनएमसी ने 70 चिकित्सा महाविद्यालयों को सीसीटीवी निगरानी से जुड़े नियमों का पालन करने का निर्देश दिया

  •  
  • Publish Date - July 10, 2026 / 04:53 PM IST,
    Updated On - July 10, 2026 / 04:53 PM IST

नयी दिल्ली, 10 जुलाई (भाषा) राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) ने देश भर के 70 स्नातक और स्नातकोत्तर चिकित्सा महाविद्यालयों को निर्देश दिया है कि वे सीसीटीवी निगरानी से जुड़े अनिवार्य नियमों का तुरंत पालन करें। ये महाविद्यालय बार-बार संपर्क किए जाने के बावजूद अपने नेटवर्क वीडियो रिकॉर्डर (एनवीआर) को आयोग से जोड़ने में विफल रहे।

हाल ही में जारी एक सार्वजनिक नोटिस में एनएमसी ने कहा कि इन संस्थानों ने उन नियमों का पालन नहीं किया है जिनके तहत चिकित्सा महाविद्यालयों को सीसीटीवी प्रणाली और एनवीआर स्थापित करने और आयोग के कमांड एंड कंट्रोल सेंटर को सीधे डेट और वीडियो तक पहुंच प्रदान करने की जरूरत होती है।

नोटिस में कहा गया है, ‘‘एनएमसी की आईटी टीम की लगातार कोशिशों के बावजूद, 70 चिकित्सा महाविद्यालयों (स्नातक और परास्नातक) ने अभी तक अपने एनवीआर को एनएमसी से ‘कनेक्ट’ नहीं किया है।’’

आयोग ने कहा कि यह अनिवार्यता ‘स्नातक चिकित्सा शिक्षा मानक विनियमन’ (यूजीएमएसआर), 2023, ‘मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड (एमएआरबी) रेगुलेशंस’, 2023 और संशोधित ‘परास्नातक चिकित्सा शिक्षा मानक विनियमन’ (पीजीएमएसआर), 2023 के तहत आती है।

इन नियमों के तहत चिकित्सा महाविद्यालयों को तय जगहों पर 25 सीसीटीवी कैमरे लगाने, एनवीआर लगाने, आयोग को डेटा या वीडियो तक सीधी पहुंच प्रदान करने और 30 दिनों तक रिकॉर्डिंग का प्लेबैक सुरक्षित रखने की जरूरत होती है।

एनएमसी ने कहा कि उसकी टीम उन संस्थानों के साथ लगातार संपर्क में थी जिन्होंने दिशानिर्देश का पालन नहीं किया, लेकिन कई महाविद्यालयों ने अभी तक अपने एनवीआर को कमीशन से ‘लिंक’ नहीं किया है।

आयोग की ओर से जारी सूची के अनुसार नियम न मानने वाले संस्थानों में राजस्थान सबसे आगे है, जहां 13 चिकित्सा महाविद्यालय हैं; इसके बाद महाराष्ट्र (11 चिकित्सा महाविद्यालय) और दिल्ली (आठ महाविद्यालय) का स्थान आता है।

सूची में शामिल दिल्ली के आठ संस्थानों में अटल बिहारी वाजपेयी आयुर्विज्ञान संस्थान एवं डॉ. आरएमएल अस्पताल, सेंट्रल हेल्थ एजुकेशन ब्यूरो, चाचा नेहरू बाल चिकित्सालय, ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (बसाईदारापुर), गोविंद बल्लभ पंत स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान, मौलाना आज़ाद चिकित्सा महाविद्यालय, भारतीय रेलवे स्नातकोत्तर चिकित्सा विज्ञान एवं अनुसंधान संस्थान और विश्वविद्यालय चिकित्सा विज्ञान महाविद्यालय एवं जीटीबी अस्पताल है।

भाषा संतोष पवनेश

पवनेश