कांग्रेस की पंजाब इकाई में कोई गुटबाजी नहीं : बघेल

कांग्रेस की पंजाब इकाई में कोई गुटबाजी नहीं : बघेल

कांग्रेस की पंजाब इकाई में कोई गुटबाजी नहीं : बघेल
Modified Date: July 31, 2026 / 06:46 pm IST
Published Date: July 31, 2026 6:46 pm IST

फतेहगढ़ साहिब, 31 जुलाई (भाषा) कांग्रेस के पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल ने पार्टी की प्रदेश इकाई में गुटबाजी की खबरों को खारिज करते हुए शुक्रवार को कहा कि मीडिया और कुछ लोग इस मुद्दे को बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर रहे हैं, जबकि सभी नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में मिलकर काम करेंगे।

फतेहगढ़ साहिब में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए बघेल ने कहा कि उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी समेत प्रदेश कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की है और अपनी रिपोर्ट पार्टी नेतृत्व को सौंप दी है।

उन्होंने कहा कि चन्नी की कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल के साथ हुई बैठक से भी यह स्पष्ट हो गया है कि राज्य का पूरा नेतृत्व एकजुट रहेगा।

चन्नी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग द्वारा बरनाला और फरीदकोट में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाने संबंधी सवाल पर बघेल ने कहा कि दोनों वरिष्ठ नेता हैं और अपने-अपने कार्यक्रमों के अनुसार जिम्मेदारियां निभा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि हाल में छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज में घायल हुए लोगों के समर्थन के मुद्दे पर दोनों एकजुट हैं।

चन्नी के भाई और बस्सी पठाना के डॉ. मनोहर सिंह से जुड़े विवाद पर बघेल ने कहा कि कांग्रेस के खिलाफ निर्दलीय चुनाव लड़ने वाले नेताओं को पार्टी के कार्यक्रमों में आमंत्रित नहीं किया जाएगा। डॉ. मनोहर सिंह भारतीय राष्ट्रीय ट्रेड यूनियन कांग्रेस (आईएनटीयूसी) से जुड़े हैं।

उन्होंने कहा कि आईएनटीयूसी कांग्रेस से संबद्ध संगठन है, लेकिन उसके सदस्य जरूरी नहीं कि कांग्रेस के आधिकारिक सदस्य भी हों।

केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए बघेल ने आरोप लगाया कि 20 जुलाई को दिल्ली में संसद मार्च के दौरान छात्रों पर हुआ लाठीचार्ज केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधिकार क्षेत्र में हुआ था।

कांग्रेस नेता ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बजाय भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व अध्यक्ष जेपी नड्डा ने छात्रों से मुलाकात की, जो प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के बीच मतभेद का संकेत देता है। उन्होंने आरोप लगाया कि अब संसद में अन्य मंत्री विधेयक पेश कर रहे हैं।

बघेल ने कहा कि वर्ष 2027 में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव निर्धारित समय से पहले कराए जाने की अटकलों में ‘कुछ दम’ है।

उन्होंने कहा कि एक जनवरी से शुरू होने वाली राष्ट्रीय जनगणना और 14 जनवरी से आरंभ होने वाले कुंभ मेले जैसे कारक समय से पहले चुनाव कराए जाने का कारण बन सकते हैं।

इस अवसर पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने दावा किया कि आम आदमी पार्टी (आप) के लगभग 40 से 45 विधायक, पहले ही बैठक कर चुके हैं। आप के इन विधायकों को पार्टी का टिकट नहीं मिलने की आशंका है। इस मुद्दे पर सार्वजनिक रूप से चर्चा नहीं की जा रही है।

भाषा रवि कांत दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में