बिजली दरों में बढ़ोतरी का कोई इरादा नहीं है : तमिलनाडु के मंत्री निर्मल कुमार

Ads

बिजली दरों में बढ़ोतरी का कोई इरादा नहीं है : तमिलनाडु के मंत्री निर्मल कुमार

  •  
  • Publish Date - May 21, 2026 / 08:13 PM IST,
    Updated On - May 21, 2026 / 08:13 PM IST

चेन्नई, 21 मई (भाषा) तमिलनाडु के ऊर्जा संसाधन मंत्री आर निर्मल कुमार ने बृहस्पतिवार को राज्य में बिजली दरों में बढ़ोतरी की संभावना से इनकार किया।

उन्होंने कहा कि सरकार या मुख्यमंत्री की फिलहाल बिजली शुल्क बढ़ाने की कोई मंशा नहीं है और इस संबंध में झूठी जानकारी फैलाई जा रही है।

मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने पदभार संभालने के पहले दिन तीन फाइलों पर हस्ताक्षर किए, जिनमें 500 यूनिट तक द्विमासिक खपत वाले घरेलू उपभोक्ताओं को 200 यूनिट मुफ्त बिजली देने की योजना भी शामिल है।

मंत्री ने राज्य बिजली वितरण निगम की समीक्षा के बाद पत्रकारों को बताया कि निगम पर लगभग 2.5 लाख करोड़ रुपये का कर्ज है। साथ ही कर्मचारियों की भारी कमी भी है।

उन्होंने कहा, ‘‘आवश्यक 1.4 लाख कर्मचारियों के मुकाबले फिलहाल केवल 70 हजार कर्मचारी कार्यरत हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री के वादे के अनुसार विभाग को भ्रष्टाचार, अनियमितताओं और कदाचार से मुक्त रखते हुए पूरी तरह जनसेवा के लिए समर्पित किया जाएगा।’’

‘तमिलनाडु पावर डिस्ट्रीब्यूशन कॉरपोरेशन लिमिटेड’ के दो वरिष्ठ अधिकारियों को तमिलनाडु ग्रीन एनर्जी कॉरपोरेशन लिमिटेड (टीएनजीईसीएल) की मंजूरियों में कथित अनियमितताओं के आरोप में निलंबित किया गया है।

मंत्री ने कहा कि मामले में दोषी चाहे कोई भी हो, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी और सार्वजनिक धन या सरकारी संपत्ति से जुड़े मामलों में किसी तरह की नरमी नहीं बरती जाएगी।

सौर ऊर्जा निवेश पर उन्होंने कहा कि बाहरी निवेशकों के लिए पारदर्शी व्यवस्था और अलग पोर्टल बनाया जाएगा, जिससे योग्य निवेशकों को निष्पक्ष तरीके से मंजूरी मिल सके।

भाषा गोला नरेश

नरेश