मई की गर्मी से घबराने की जरूरत नहीं, सावधानी और तैयारी से स्थिति काबू में : जितेंद्र सिंह

Ads

मई की गर्मी से घबराने की जरूरत नहीं, सावधानी और तैयारी से स्थिति काबू में : जितेंद्र सिंह

  •  
  • Publish Date - May 2, 2026 / 07:06 PM IST,
    Updated On - May 2, 2026 / 07:06 PM IST

नयी दिल्ली, दो मई (भाषा) केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने शनिवार को लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि मई में संभावित गर्मी को लेकर घबराने की कोई जरूरत नहीं है।

सिंह ने कहा कि मौसम पूर्वानुमान को सही ढंग से समझकर और दैनिक जीवन में सरल सावधानियां अपनाकर किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सकता है।

उन्होंने अपने कार्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान कहा, “हालांकि कुछ क्षेत्रों में सामान्य से अधिक तापमान और लू की स्थिति देखी जा सकती है, लेकिन यह पूरे देश में समान रूप से नहीं होगी। समय पर तैयारी और समय-समय पर भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा जारी सलाह का पालन करके इन परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटा जा सकता है।”

उन्होंने देश में बढ़ते तापमान के संदर्भ में यह टिप्पणी की।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार गर्मी से जुड़ी चुनौतियों से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है और राज्य तथा जिला स्तर पर समन्वित प्रयासों की आवश्यकता पर भी बल दिया।

सिंह ने कहा कि पीने के पानी की उपलब्धता, शीतलन व्यवस्थाएं और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।

उनके अनुसार शिशुओं, बुजुर्गों और बाहरी कार्य करने वाले लोगों जैसे संवेदनशील समूहों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि मौजूदा मौसम परिस्थितियां उत्तर और उत्तर-पश्चिमी क्षेत्रों में देर से होने वाली रबी फसलों की कटाई के लिए सामान्यतः अनुकूल हैं।

हालांकि, दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में स्थानीय स्तर पर गर्मी का प्रभाव (हीट स्ट्रेस) धान (बोरो), मक्का और दलहन जैसी कुछ ग्रीष्मकालीन फसलों को प्रभावित कर सकता है।

सिंह ने कहा, “किसानों को सलाह दी गई है कि वे खेतों में काम सुबह और शाम के समय करें, हल्की और बार-बार सिंचाई करें तथा पशुधन के लिए भी सुरक्षात्मक उपाय अपनाएं।”

भाषा रवि कांत रवि कांत सुरेश

सुरेश