राजस्‍थान में कुछ दिन बारिश नहीं होने का अनुमान

Ads

राजस्‍थान में कुछ दिन बारिश नहीं होने का अनुमान

  •  
  • Publish Date - July 29, 2022 / 11:24 AM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:33 PM IST

जयपुर, 29 जुलाई (भाषा) राजस्थान में मानसून की बारिश का दौर पिछले 24 घंटे के दौरान जारी रहा। हालांकि, मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार से बारिश की गतिविधियों पर कुछ दिन के लिए विराम लगने की उम्‍मीद है।

मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे तक 24 घंटे में राज्‍य में कई जगह भारी बारिश हुई। सबसे अधिक बारिश संगरिया (हनुमानगढ़) में 10.7 सेंटीमीटर दर्ज की गई। अलवर के कोटकासिम में 9 सेंटीमीटर बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान कुछ अन्य स्थानों पर भी मध्‍यम दर्ज की बारिश हुई।

उधर, जोधपुर के निचले इलाकों से पानी निकासी का काम जारी है। इस सप्ताह भारी से अति भारी बारिश और उसके बाद जलभराव के कारण जोधपुर के कई इलाके बाढ़ जैसी स्थिति का सामना कर रहे हैं। राहत एवं बचाव कार्य में सेना की मदद ली गई है। जोधपुर जिले में सभी सरकारी और निजी स्‍कूल पिछले चार दिन से बंद हैं।

इस बीच मौसम विभाग ने कहा है क‍ि शुक्रवार से राज्‍य में बारिश की गतिविधियां कम होने का अनुमान है। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, 29 जुलाई से दो अगस्त के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्से में बारिश की गतिविधियों में कमी होने की प्रबल संभावना है। इस दौरान राज्य के उत्तरी भाग को छोड़कर शेष भागों में केवल छुटपुट स्थानों पर बारिश होने की संभावना रहेगी।

वहीं 3-4 अगस्त से राज्य में बारिश का एक और नया दौर शुरू होने की सम्भावना है।

भाषा पृथ्‍वी सिम्मी सुरभि

सुरभि