जम्मू, आठ जुलाई (भाषा) जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले के अधिकारियों ने सुरक्षा कारणों और संभावित प्राकृतिक खतरों का हवाला देते हुए भद्रवाह उपसंभाग में ट्रेकिंग, कैंपिंग और अन्य रोमांचक गतिविधियों पर रोक लगा दी है।
एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि भद्रवाह के अतिरिक्त उपायुक्त सुनील कुमार भित्याल ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत आदेश जारी किया है।
अधिकारी ने बताया कि तीन जुलाई को जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू है और अगले आदेश तक लागू रहेगा।
आदेश के अनुसार, कोई भी व्यक्ति, समूह, ट्रेकिंग एजेंसी, टूर संचालक, गाइड, संस्थान या संगठन सक्षम अधिकारी से पहले लिखित अनुमति लिए बिना भद्रवाह के अधिकार क्षेत्र में कोई भी रोमांचक गतिविधि आयोजित या संचालित नहीं करेगा।
इस आदेश में पाबंदियों के पीछे सुरक्षा संबंधी मौजूदा चिंताओं, दुर्गम इलाकों, खराब मौसम, भूस्खलन, अचानक बाढ़ और अन्य अप्रत्याशित प्राकृतिक खतरों का हवाला दिया गया है।
आदेश में कहा गया है कि इस कदम का मकसद बेहतर निगरानी, तालमेल और जन-सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
भाषा शफीक नरेश
नरेश