नोएडा, 23 जुलाई (भाषा) गौतमबुद्ध नगर जिले में रबूपुरा थाना क्षेत्र के गौर यमुना सिटी में रहने वाले बीटेक के एक छात्र ने बुधवार रात को अपनी सोसाइटी की छत से छलांग लगाकर कथित रूप से आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी।
रबूपुरा के थाना प्रभारी निरीक्षक श्याम बाबू शुक्ला ने बताया कि रबूपुरा थाना क्षेत्र के गौर यमुना सिटी में स्थित एक सोसाइटी में रहने वाले बीटेक के छात्र कार्तिक शर्मा (21) ने बुधवार रात को कथित रूप से अपनी सोसाइटी की छत से छलांग लगा दी। इस घटना में छात्र की मौत हो गई।
शुक्ला ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला की घटना से पहले छात्र का अपने परिजनों से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद उसने यह कदम उठाया।
उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
भाषा सं सिम्मी सुरभि
सुरभि